कैंटर, ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में किशोर की मौत, छह घायल
रेहड़ (बिजनौर)।
ट्रैक्टर-ट्रॉली और कैंटर की आपस में भिड़ंत से ट्रॉली में सवार एक किशोर की मौत हो गई, और छह मजदूर घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जसपुर ले जाया गया है।
जसपुर थाने के गांव गोलरगोजी निवासी खूब सिंह ने बताया कि वह गांव अंगदपुर के ईट-भट्टे से ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर अपने गांव जा रहे थे। रायुपरी बॉर्डर के पास जसपुर की ओर से तेज गति से आ रहे कैंटर से उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर हो गई। इससे बारह वर्षीय किशोर अर्जुन की मौत हो गई, जबकि वह, ट्रैक्टर चालक सुमित, घनश्याम, अनिकेत, तरण सिंह, पोखर सिंह घायल हो गए। इनमें से घनश्याम सिंह व सुमित की हालत गंभीर है।
हादसे के बाद वहां पहुंचे राहगीरों ने किसी तरह से उन्हें ट्रॉली के नीचे से निकाला। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दौरान हाईवे-74 पर जाम लग गया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइनें लग गई। बाद में पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर जाम खुलवाया।