पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया
चांदपुर। लोकप्रिय इंटर कॉलेज केलनपुर के रासेयो के सात दिवसीय शिविर के छठे दिन स्वयंसेवकों ने गांव में रैली निकालकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करके पौध रोपण किया।
शिविर का छठे दिन स्वयंसेवकों ने पर्यावरण संरक्षण दिवस के रूप में मनाया। शिविर का शुभारंभ लक्ष्य गीत के साथ किया गया। प्रधानाचार्य हरवीर सिंह तोमर ने छात्र छात्राओं को पर्यावरण प्रदूषण से होने वाली हानियों के बारे में बताते हुए कहा कि आज के समय में पर्यावरण बहुत प्रदूषित हो चुका है। जिसके कारण कैंसर, दमा जैसी अनेक घातक जानलेवा बीमारी नौजवानों, बच्चों, महिलाओं सभी को अपनी चपेट में ले रही है। उन्होंने पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने के लिए सभी से एक-एक पेड़ लगाने का आह्वान किया। कार्यक्रम अधिकारी प्रशांत तोमर व राजकुमार सिरोही के नेतृत्व में छात्र छात्राओं ने गांव में रैली निकालकर गांववासियों को पर्यावरण के संरक्षण के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम में पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य विरेंद्र सिंह, प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य अफजाल अहमद, तेजवीर सिंह, कुलदीप कुमार, शांति कुमार, नरेश कुमार, जितेंद्र सिंह, खिलेंद्र सिंह, लोकेश कुमार आदि मौजूद रहे।