बारिश से घरों में घुसा पानी, बढ़ी परेशानी
नजीबाबाद/भागूवाला। नगर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भारी वर्षा से जगह-जगह जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। मुगलूशाह सहित कई क्षेत्रों में मकानों में पानी घुसने से लोग परेशान रहे। संपर्क मार्गों पर पानी भरने से राहगीरों को आवागमन में परेशानी हुई।
शनिवार की तड़के रुक-रुक कर शुरू हुई वर्षा ने दोपहर अचानक बढ़ गया। करीब तीन घंटे हुई भारी बारिश से नगर के अधिकांश संपर्क मार्गों पर पानी भर गया। नगर के मुगलूशाह, हवेलीतला, संतोमालन, श्यामली, रम्पुरा के संपर्क मार्गों पर एक से दो फीट पानी भर गया।
निर्माणाधीन नाला ध्वस्त
जलालाबाद। मुबारकपुर कल्हेड़ी क्षेत्र में विधायक निधि से डूडा द्वारा बनवाए जा रहे नाला निर्माण की गुुणवत्ता की पोल उस समय खुल गई जब कब्रिस्तान के निकट निर्माणाधीन नाला वर्षा के चलते गिर गया। नाला इतना गहरा था कि उसके गिरते ही कब्रिस्तान का गेट भी क्षतिग्रस्त हो गया। क्षेत्रीय नागरिकों फहीम, परवेज अख्तर, दिलशाद मलिक, शहंशाह बिजनौरी, मो.इल्यास, मो.शौकत, नूर असारी, अदम अंसारी, मुस्तकीम, मो.आफताब ने एसडीएम डूडा द्वारा लाखों की लागत से बनाए जा रहे नाला ध्वस्त होने की जांच कराने की मांग की है।
देहात में भी संपर्क मार्ग डूबे, बिजलीघर में भी घुसा पानी
भागूवाला/नांगलसोती। भारी वर्षा से भागूवाला क्षेत्र की आबादी के संपर्क मार्ग जलमग्न हो गए। भागूवाला के बिजलीघर में भी पानी घुस गया। ड्यूटी पर तैनात विद्युत निगम कर्मचारियों ने बिजलीघर में भरा पानी निकालकर मशीनों का पानी में डूबने से बचाया। विद्युत कर्मचारियों ने आनन-फानन में विद्युत आपूर्ति बंद कर दी, जिससे करंट नहीं फैल पाया। नांगलसोती क्षेत्र में भारी वर्षा से जन जीवन प्रभावित हुआ। सौफतपुर बिजलीघर से वर्षा के चलते विद्युत आपूर्ति बंद होने घंटों कई गांव की विद्युुत आपूर्ति बंद रही।