प्रशासन वेव ग्रुप की घेराबंदी में जुटा
डीएम ने कहा, भ्रम की स्थिति पैदा करने से बाज आएं मिल अधिकारी
मशीनों की मरम्मत तुरंत शुरू हो
बिजनौर। प्रशासन वेव ग्रुप की घेराबंदी करने में जुटा है। अब ग्रुप के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर को नोटिस भेजने की तैयारी है। जिलाधिकारी अटल कुमार राय ने बिजनौर व चांदपुर चीनी मिलों के अधिकारियों को किसानों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा नहीं करने व मशीनों की मरम्मत तुरंत शुरू कराने की हिदायत दी है।
जिला गन्ना अधिकारी यशपाल सिंह के अनुसार डीएम ने शनिवार को वेव ग्रुप के शीर्ष अधिकारियों की बैठक बुलाई थी। प्रशासन की ओर से बैठक में पुलिस, आबकारी, श्रम व गन्ना विभाग के अधिकारी शामिल हुए। वेव ग्रुप की ओर से ग्रुप जीएम अशोक कुमार ने भाग लिया है। बैठक शुरू होते ही जिलाधिकारी ने ग्रुप जीएम से कहा की बार-बार बुलाने के बाद भी वेब ग्रुप के शीर्ष अधिकारी बैठक में नहीं आ रहे हैं। बिजनौर व चांदपुर चीनी मिल के अधिकारी किसानों के बीच अनर्गल बयानबाजी करके भ्रम की स्थिति पैदा कर रहे हैं। मिल अधिकारी प्रशासन को गुमराह करने की कोशिश न करें। जिलाधिकारी ने पूछा कि यह बताएं कि फैक्ट्री चलानी हैं या नहीं ।प्रशासन के लिए किसान हित पहले है। वेव ग्रुप के ग्रुप जीएम ने अपना तर्क दिया कि यदि बैंक मिलों को वित्तीय सहायता दे दे तो ग्रुप मशीनों की मरम्मत शुरू करके दो माह में मिल चला देगा। इस पर डीएम ने सख्ती के साथ कहा कि पैसा कहां से, कैसे आना है प्रशासन को इससे कुछ लेनादेना नहीं है। प्रशासन की अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में जिले की चीनी मिलों को चलाने की तैयारी है। बिजनौर व चांदपुर चीनी मिल भी समय से चलनी हैं। मशीनों की मरम्मत तुरंत शुरू कराएं।
कानून व्यवस्था बिगड़ने पर ग्रुप होगा जिम्मेदार
बिजनौर । जिला गन्ना अधिकारी के मुताबिक जिलाधिकारी ने वेव ग्रुप के ग्रुप जीएम को साफ कर दिया कि बिजनौर और चांदपुर चीनी मिलों की मशीनों की मरम्मत को लेकर कोई बहाना चलने वाला नहीं है। आनाकानी की स्थिति में यह समझा जाएगा कि ग्रुप प्रशासन व किसानों को परेशान करने पर आमादा है। ऐसी स्थिति में यदि कानून व्यवस्था बिगड़ती है तो ग्रुप जिम्मेदार होगा। इस पर ग्रुप जीएम ने कहा कि ग्रुप के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर डीएस बिंदरा लखनऊ में हैं। उनकी आर्थिक मदद के लिए शासन स्तर पर बात हो रही है।
एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर को नोटिस भेजने की तैयारी
बिजनौर । जिला गन्ना अधिकारी यशपाल सिंह के अनुसार गन्ना आयुक्त व जिलाधिकारी की ओर से बिजनौर व चांदपुर चीनी मिलों के अध्यशियों को मरम्मत शुरू कराने के लिए नोटिस भेजे जा चुके हैं। मिल अधिकारी गलत बयानबाजी कर रहे हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार प्रशासन ग्रुप की घेराबंदी में कोई कसर छोड़ना नहीं चाहता है। अब प्रशासन ग्रुप के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर को नोटिस भेजने की तैयारी में है।