अमरोहा/सैदनगली। हाईटेंशन लाइन से निकलने वाली चिंगारी किसानों के लिए परेशानी का सबब बन रही है। रविवार को भी गन्ने और गेहूं की फसल हाईटेंशन लाइन की भेंट चढ़ गई। देहात थानाक्षेत्र के हाशमपुर गांव में पांच बीघा गन्ना जलकर राख हो गया। वहीं सैदनगली थानाक्षेत्र के मेहंदीपुर गांव में छह बीघा गेहूं जलकर स्वाहा हो गया।थाना देहात क्षेत्र के गांव हाशमपुर में रविवार को बिजली के तारों से निकली चिंगारी ने किसानों की पांच बीघा गन्ने को जलाकर राख कर दिया। ग्रामीणों के प्रयास से किसी तरह आग पर काबू पाया गया। गांव निवासी जसवंत पुत्र आसे सिंह की चार बीघा और राजेंद्र पुत्र रूमाल सिंह की एक बीघा ईंख बिजली के तारों से निकली चिंगारी से जलकर राख हो गई। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से आग को बुझाया। किसानों ने बताया कि 11 हजार वोल्ट की लाइन खेतों के ऊपर से जा रही है। तार ढीले और पुराने होने के कारण लटके पड़े है। दो तारों के स्पर्श से निकली चिंगारी गन्ने की फसल को बर्बाद कर दी।
वहीं सैदनगली थानाक्षेत्र के गांव मेहंदीपुर निवासी रामकुंवर पुत्र तेजराम के खेत के ऊपर से उच्च शक्ति विघुत लाइन गुजर रही है। रविवार दोपहर तारों के आपस मे टकराने से निकली चिंगारी गेहूं के खेत के ऊपर गिर गई। इसके चलते खेत मे आग लग गई। आग को देखकर आस पास के खेतों पर काम कर रहे किसानों में अफरातफरी मच गई। लोगो ने भाग दौड़ करकर आग को बुझाने का काफी प्रयास किया। तब तक रामकुंवर का लगभग छह बीघा गेहूं जलकर राख हो गया।
क्षतिपूर्ति दिलाने का दिया आश्वासन
उझारी। ग्राम सोहत निवासी हरि ओम पुत्र चरण सिंह ने क्षेत्रीय विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी और धनौरा विधायक राजीव तरारा से आग लगने से नष्ट हुई गेहूं की फसल की क्षतिपूर्ति शासन से दिलाने की मांग की है। शुक्रवार को हरिओम दस बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई थी। विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी और धनौरा विधायक राजीव तरारा ने हरी ओम को क्षतिपूर्ति दिलाने का पूर्ण आश्वासन दिया है। कहा कि सरकार आपदाओं से निपटने के लिए आर्थिक कोष से सहायता करती है।