अमरोहा। चक बदौनिया गांव की ग्राम प्रधान की दोबारा मतगणना में फिर से पूनम विजयी घोषित हुईं। इस बार उन्हें 55 के स्थान पर 53 मतों से जीत मिली। जबकि, विपक्षी संतोष को दोबारा से हार का मुंह देखना पड़ा।
जोया ब्लाक क्षेत्र के ग्राम पंचायत चक बदौनिया में ग्राम प्रधान के चुनाव में पूनम ने 493 मत लेकर अपनी विपक्षी संतोष को 55 मतों से शिकस्त दी थी। संतोष ने मतगणना में धांधली का आरोप लगाकर दोबारा मतगणना के लिए माननीय उच्च न्यायालय की शरण ली। जिस पर हाईकोर्ट ने एसडीएम को नियमानुसार दोबारा मतगणना कराने के लिए निर्देशित किया गया था। एसडीएम सुखवीर सिंह ने मतगणना के लिए तहसीलदार धर्मेंद्र सिंह, न्यायिक तहसीलदार देवेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार रणविजय सिंह को मतगणना अधिकारी नियुक्त किया। बुधवार को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चक बदौनिया ग्राम पंचायत की मतगणना शुरू हुई। मतगणना के दौरान पूनम को इस बार 493 के स्थान पर 491 मतों से ही संतोष करना पड़ा जबकि उनकी विपक्षी संतोष को दोबारा से भी 438 मत ही मिले और ऋतिका को 3 जबकि सरोज को 2 मत ही मिले। इस तरह दोबारा मतगणना के बाद भी निवर्तमान ग्राम प्रधान पूनम देवी को 53 मतों से विजयी घोषित कर दिया गया।