अमरोहा। जनपद में स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ खेलकूद, युवा कल्याण एवं व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग मंत्री चेतन चौहान की अध्यक्षता में आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि किसी भी गरीब का बच्चा अशिक्षित न रहे, सभी को शिक्षा प्राप्त हो, जिससे ज्यादा से ज्यादा रोजगार के अवसर मिले। प्राथमिक शिक्षा को मजबूत करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। इसके लिए वृहद रूप से अभियान चलाकर लोगो को प्रेरित किया जाए और बच्चो को विद्यालय में अवश्य भेजें।
चेतन ने कहा कि 4 वर्ष से ऊपर की आयु के बच्चों को विद्यालय तक पहुंचाने की जिम्मेदारी अभिभावक की है। शिक्षक अपने दायित्वों को समझें और गुणवत्ता में सुधार लाएं। प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों की संख्या में कमी पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों की संख्या में वृद्धि के लिए अभिभावकों को प्रेरित करें। विधायक राजीव तारारा ने कहा कि शिक्षा से ही समाज और देश की प्रगति संभव है। कहा कि प्रत्येक बालक को अपना समझकर शिक्षा देनी चाहिए। डीएम हेमंत कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है। यह गुण बच्चें में तभी आ सकता है, जब प्रत्येक अध्यापक अपनी जिम्मेदारियों को समझें। कहा कि परिषदीय स्कूलों में 6 से 14 साल तक के बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन कराना होगा। शिक्षकों की उपस्थिति, शैक्षिक गुणवत्ता एवं मासिक कलेंडर के अनुसार विद्यालयों में पठन-पाठन की व्यवस्था कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा एक ऐसा साधन है जो राष्ट्र की सामाजिक, आर्थिक स्थिति में सुधार लाने में एक जीवंत भूमिका निभाता है। नागरिकों की विश्लेषण क्षमता सहित उनका सशक्तीकरण करता है, उनके आत्म विश्वास का स्तर बेहतर बनाता है। शिक्षा में केवल पाठ्यपुस्तकें सीखना शामिल नहीं है बल्कि इसमें मूल्यों, कौशलों तथा क्षमताओं में भी वृद्धि की जाती है। विधायक हसनपुर महेंद्र सिंह खड़गवंशी, ऋषिपाल नागर, जिपं अध्यक्षा सरिता चौधरी, शशि जैन, सीडीओ चंद्रपाल सिंह आदि मौजूद रहे।