बड़िया/नजीबाबाद। मालन नदी पर कारसेवा से बने पुल के एक छोर से मिट्टी कटान होने से वाहनों का आवागमन एक बार फिर रुक गया। पुल को बचाने के लिए प्रशासन द्वारा अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया है।
नजीबाबाद-कोटद्वार मार्ग पर स्थित बड़िया से बिजौरी को जोड़ने वाले मार्ग पर मालन नदी पर सिखों ने कारसेवा कर पुल बनाया था। इस पुल से बड़िया, भुड्डी, ताहरपुर, बीरूवाला, मेदूवाला, जट्टीवाला, रूद्रपुर, भोगपुर, बिजौरी आदि गांवों के लोग आवागमन करते हैं। बीते दिनों मालन नदी में उफान आने पर पुल के दोनों छोर पर एप्रोच रोड कट गई थी, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया था। प्रशासन स्तर से कोई मदद न मिलने पर क्षेत्रीय ग्रामीणों ने अपने स्तर से मलबा डालकर पुल से आवागमन सुचारु किया था।
एक बार फिर पुल के बड़िया छोर से मिट्टी का कटान शुरू हो गया। शनिवार सुबह आधी एप्रोच रोड की मिट्टी कटकर नदी में समा गई। कटान वाले क्षेत्र में बिजली का खंभा गिरने की आशंका के चलते सूचना पर समय रहते विद्युत निगम की टीम पहुंच गई, जिससे खंभे को गिरने से पहले अन्यत्र लगाने का काम शुरू कर दिया गया।
उधर, पुल की एप्रोच रोड कटने के बाद से मार्ग पर कार एवं बड़े वाहनों का आवागमन बंद है। पैदल एवं दुपहिया वाहन से लोग जोखिम उठाकर गुजर रहे हैं। क्षेत्रवासियों अवतार सिंह, इकबाल सिंह, परमजीत सिंह, निर्मल काला, साहब सिंह, डॉ.नरेंद्रपाल सिंह, जसवंत सिंह आदि ने पुल की बेहतर मरम्मत कराने की मांग की।