आज शपथ लेंगे 454 ग्राम प्रधान
बिजनौर। जिले के नवनिर्वाचित प्रधानों की 25 मई आज सुबह 11 बजे से वर्चुअल शपथ ग्रहण समारोह होगा। शपथ दो दिन चलेगी, कार्यक्रम ग्राम पंचायतवार होगा। डीएम ने ब्लॉकों के बीडीओ को शपथ दिलाने के लिए नामित किया है। करीब एक हजार कर्मचारी व्यवस्था में लगे हैं। इसके बाद नवनिर्वाचित प्रधानों की पहली बैठक 27 मई को होगी।
डीएम रमाकांत पांडेय ने नवनिर्वाचित प्रधानों व ग्राम पंचायत सदस्य के शपथग्रहण व पंचायतों की पहली बैठक के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। जिले में 1123 प्रधान निर्वाचित हुए हैं। हर पंचायत के प्रधान व दो तिहाई ग्राम पंचायत सदस्य को शपथ दिलाई जाएगी। इस प्रकार कुल 454 नवनिर्वाचित प्रधान ही शपथ लेंगे। डीपीआरओ सतीश कुमार ने बताया कि ब्लाक के बीडीओ वर्चुअल शपथ दिलाएंगे। 25 मई से शपथ पंचायत वार शुरू हैं जो 26 मई तक चलेगी। शपथग्रहण पंचायत घरों में होगा। व्यवस्था बनाने के लिए करीब एक हजार पंचायत सचिव, रोजगार सेवक तथा सफाई कर्मचारी लगाए गए हैं। नहटौर ब्लॉक में 18, स्योहारा में 30, नजीबाबाद में 49, जलीलपुर में 48, कोतवाली में 93, मोहम्मदपुर देवमल में 32, हल्दौर में 27, अफजलगढ़ में 41, धामपुर में 46, नूरपुर में 47, तथा किरतपुर ब्लॉक में 23 प्रधान शपथ लेंगे।
27 मई से माना जाएगा पंचायतों का कार्यकाल
डीपीआरओ सतीश कुमार ने बताया कि नवनिर्वाचित प्रधान व सदस्यों की पहली बैठक 27 मई को होगी। बैठक में छह पंचायत समितियों का गठन होगा। कहा कि पंचायतों का कार्यकाल 27 मई से माना जाएगा। पंचायत की पहली बैठक में नियोजन एवं विकास समिति, शिक्षा समिति, स्वास्थ्य एवं कल्याण समिति, प्रशासनिक समिति, जल प्रबंधन समिति तथा निर्माण कार्य समिति का गठन होगा।