अगोले से भरी ट्रॉली पलटी, एक दर्जन महिलाएं घायल
मंडावर। गांव नारायणपुर के पास ट्रॉली पलटने से एक दर्जन महिलाएं घायल हो गईं। पुलिस ने इनमें से एक युवती समेत पांच महिलाओं को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। शेष सात महिलाएं गांव से ही दवाई लेकर अपने घर पर चली गईं।
गांव सीमली निवासी सुनील कुमार की खेती की जमीन गंगा पार खादर क्षेत्र में स्थित है। ग्रामीणों के अनुसार मंगलवार को वह गांव फजलपुर काजी से महिलाओं को अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठाकर खेत पर काम कराने ले गया था। रात लगभग आठ बजे वह ट्रैक्टर-ट्रॉली में अगोले डालकर जंगल से लौट रहा था। जैसे ही ट्रैक्टर-ट्रॉली नारायणपुर के पास पहुंची तो ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। जिससे ट्रॉली का पहिया सड़क किनारे स्थित गहरे गड्ढे में जा गिरा और ट्रॉली पलट गई। हादसे में सात महिलाएं दूर जाकर गिरी और एक युवती समेत पांच महिलाएं ट्रॉली के नीचे दब गईं। राहगीरों ने इसकी सूचना ग्रामीणों और पुलिस को दी। खबर मिलते ही ग्रामीण घटनास्थल की ओर से दौड़ पड़े। इसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से ट्रॉली के नीचे दबी महिलाओं को बाहर निकलवाकर 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जबकि सात महिलाएं गांव से ही दवाई लेकर अपने घर चली गई। पुलिस के अनुसार गांव फजलपुर निवासी धीर सिंह की पत्नी फूलवती, तेजपाल की पत्नी लक्ष्मी, चेतराम की पत्नी मुनेश, मलखान की पत्नी बबली, विनोद की पुत्री स्वाति गंभीर रूप से घायल हैं। इन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।