डीएसपी बनी नगर की सलोनी अग्रवाल
चांदपुर। नगर के मोहल्ला साहुवान निवासी व्यापारी नरेशचंद्र अग्रवाल, संजीता अग्रवाल की बेटी सलोनी अग्रवाल ने प्रारंभिक शिक्षा नगर के ही सरस्वती शिशु मंदिर से ग्रहण कर वैदिक कन्या इंटर कॉलेज से हाईस्कूल 75 प्रतिशत, इंटर में 76 प्रतिशत अंकों से उत्तीर्ण की। सलोनी इंटर में वैदिक कन्या इंटर कॉलेज की टॉपर रही। पीजी कोर्स के अंतर्गत बीएचयू में नौवीं, आईटीआई रुड़की में 37वीं और वनस्थली विद्यापीठ में छठी रैंक हासिल की। एमसीए वनस्थली विद्यापीठ से उत्तीर्ण कर यहीं से जर्मनी भाषा का ज्ञान प्राप्त किया और घुड़सवारी का प्रशिक्षण लिया। सलोनी का कृषि विभाग के अंतर्गत सहायक सांख्यिकी अधिकारी कलक्ट्रेट इलाहाबाद में चयन हुआ। लेकिन सलोनी का सपना पुलिस अफसर बनकर जनता की सेवा करना था। पीसीएस 2013 परीक्षा में सलोनी ने डीएसपी बनकर परिजनों व क्षेत्र का नाम रोशन किया। आज सलोनी छात्राओं के लिए प्रेरणा का श्रोत बनी हुई है। सलोनी इस समय रामपुर जिले के बिलासपुर में तैनात हैं। वह अपनी जनता की सेवा कर पुलिस की छवि बदल रही हैं।
मीनू जिंदल ने बनाई सबसे छोटी साड़ी
चांदपुर। मोहल्ला चिम्मन निवासी विनीत जिंदल की पत्नी मीनू जिंदल ने सबसे छोटी साड़ी बनाकर उत्तर प्रदेश बुक ऑफ रिकार्ड में अपना नाम दर्ज कराया है। मीनू ने 210 एमएम लंबी और 45 एमएम चौड़ी की साड़ी बनाकर इंटरनेशनल वूमेन एंपावरमेंट डे को समर्पित की। उनकी बनाई साड़ी उत्तर प्रदेश बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज हुई। इसके लिए मीनू जिंदल को सर्टिफिकेट और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। मीनू ने बताया कि आज युवा पश्चिमी पहनावे की ओर आकर्षित हो रहा है। युवाओं को अपनी संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से उन्होंने सबसे छोटी साड़ी बनाई। उन्होंने बताया कि एक माह पूर्व ऑनलाइन फार्म भरा था। चार मार्च को बरेली में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें सर्टिफिकेट, शील्ड और मेडल देकर सम्मानित किया गया। मीनू जिंदल ने लड़कियों को पश्चिमी पहनावे की तरफ आकर्षित न होने का संदेश देते हुए अपनी संस्कृति के पहनावे का अपनाने का आह्वान किया है।