क्षतिग्रस्त माइनर ठीक न होने से आलमपुर के किसान भड़के
भूतपुरी। मानियावाला से होकर गुजर रही आलमपुर गांवड़ी माननगर माइनर सिंचाई आपूर्ति बंद होने के बाद भी ठीक न होने से किसानों में आक्रोश है। किसानों का आरोप है कि सिंचाई विभाग का माइनर पर तैनात जेई ढुलमुल रवैया अपना रहा है। किसानों ने एक्सईएन से जल्द ही माइनरों को दुरुस्त कराकर पानी छुड़वाने की मांग की है। आरोप है कि माइनर जगह जगह टूटी है।
किसान योगेंद्र कुमार, असगर अली, बलराम सिंह, सुभाष सिंह, अशोक कुमार, नरेश सिंह, आदि आरोप है कि माइनर पर तैनात जेई की अनदेखी की वजह से माइनर की साफ सफाई व मरम्मत नहीं हो पा रही है। जेई की लापरवाही की वजह से टेल तक पानी नहीं पहुंच सकता है, जबकि अन्य माइनरों में किसानों को टेल तक पानी मिल गया। किसानों का आरोप है कि जेई कभी माइनर पर आकर नहीं देखता है। दफ्तर से बैठकर ही कर्मचारियों को आदेश देता रहता है। जेई के रवैये को लेकर किसानों में आक्रोश पनप रहा है। आरोप है कि एक सप्ताह पहले सिंचाई विभाग ने माइनर ठीक कराने के लिए पानी की सप्लाई बंद कर दी थी, लेकिन अभी तक जेई ने आकर नहर की सुध नहीं ली। एक दर्जन से ज्यादा स्थानों से माइनर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त है। किसानों की फसलों में पानी भरकर खड़ा हो जाता है। किसानों ने टूटी माइनर से हुए किसानों के नुकसान की सिंचाई विभाग से भरपाई करने की मांग की है। माइनरों से पानी का रिसाव होने से दर्जनों किसानों की गेहूं की फसल जलमग्न होकर नष्ट हो गई। अब नहर बंद होने से किसानों की फसल पानी मांगने लगी है। चेताया यदि जल्द ही माइनर को ठीक नहीं कराया गया तो जेई का घेराव होगा। वहीं विभागीय जेई जोगेंद्र सिंह का कहना है चौहड़वाला में नहर की मरम्मत चल रही है। वहां कार्य खत्म होते ही टूटे माइनर को सही कराया जाएगा।