अमरोहा। माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने डीआईओएस कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। कालेज प्रबंधकों द्वारा किए जा रहे प्रधानाचार्य के मानसिक उत्पीड़न के संबंध में ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष डा. जीपी सिंह के नेतृत्व में प्रधानाचार्य का एक प्रतिनिधिमंडल डीआईओएस से मिला। ज्ञापन सौंपकर प्रधानाचार्य ने बताया कि कुछ प्रबंधकों द्वारा अमानवीय व अनाधिकृत तरीके से शिक्षकों एवं प्रधानाचार्य का मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है। शोषण कर उन्हें नियम विरुद्ध तरीके से निलंबित किया जा रहा है। साथ ही पद से हटाकर उनकी छवि को धूमिल किया जा रहा है। प्रबंधकों के इस कृत्य से माध्यमिक शिक्षा संघ में काफी रोष व्याप्त है। ऐसी स्थिति में शिक्षक और प्रधानाचार्य अपमान एवं सामाजिक प्रतिष्ठा को बचाने के लिए आंदोलन की राह पर जाने को तत्पर हैं। कहां कि इस संबंध में कई बार वार्ता की जा चुकी है, लेकिन कुछ प्रबंधकों की मनमानी बढ़ती जा रही है। संगठन इस अन्याय का पुरजोर विरोध करता है। चेतावनी देते हुए कहा कि नियम विरुद्ध तरीके से की गई प्रधानाचार्य पर कार्रवाई प्रकरणों को लेकर शिक्षक संघ बेहद गंभीर है। इसलिए प्रबंधकों की मनमानी और हठधर्मिता को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान अतुल कुमार शर्मा, महिपाल सिंह, कैलाश कुमार, अमर सिंह यादव, राशिद, शहजाद हसन, शिवराज सिंह आदि मौजूद रहे।