चांदपुर। चांदपुर व नूरपुर के वामपंथियों ने ‘हल्ला बोल, पोल खोल’ कार्यक्रम के तहत तहसील पर धरना-प्रदर्शन किया तथा राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
बुधवार को भाकपा, अखिल भारतीय किसान सभा, मनरेगा संगठन के कार्यकर्ता तहसील पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया। धरने पर वक्ताओं ने कहा कि सरकार ने जो वायदे जनहित में किए थे ,उन्हें पूरा नहीं किया बल्कि नई-नई समस्याओं को पैदा कर जन संकट और बढ़ा दिया है। रसायनिक खाद व पेट्रोलियम पदार्थों के दामों में वृद्धि कर कृषि लागत को बढ़ा दिया है। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित एसडीएम को दिए ज्ञापन में स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने, किसानों के 60 साल पूरे होने पर पांच हजार रुपये मासिक पेंशन देने, सभी फसलों का दाम बोने से पहले घोषित करने, फसल तैयार होने पर खरीद की व्यवस्था करने, गन्ने का शीघ्र भुगतान करने, किसान कृषि कार्ड बनाने में सुगमता बरतने, चांदपुर तहसील में सार्वजनिक शौचालय बनवाने आदि की मांग की है।
उधर नूरपुर वामपंथियों ने राष्ट्रपति व राज्यपाल को संबोधित नौ सूत्रीय मांग पत्र देकर पूरे देश में समान शिक्षा प्रणाली लागू करने, निज स्कूलों में फीस पर प्रतिबंध लगाने, सरकारी कर्मचारियों व अधिकारियों के नाम व फोन नंबर नोटिस बोर्ड पर अंकित करने, अन्य विभागों की तरह नगरपालिका कर्मचारियों के स्थानांतरण किए जाने आदि की मांग की है। इस मौके पर अमर सिंह, शब्बीर कुरैशी, ऋषिपाल सिंह, ओम प्रकाश सिंह, मन्नवर जलील, छोटे सिंह, मांगेराम सैनी, तेजपाल सिंह, तुलाराम सिंह, सतपाल सिंह, राजपाल सिंह, वीर सिंह, कयूम अहमद, राजेंद्र सिंह, जोगेंद्र सिंह, सुभाष जावा आदि मौजूद रहे।