हल्दौर । गांव नवादा तुल्ला की पुलिया के निकट सामने से आ रहे ट्रक और बाइक की भिड़ंत में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति उछलकर दूर जा गिरा। इससे वह घायल हो गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची, और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भिजवाया। ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
स्योहारा थाना क्षेत्र के गांव कोला सागर निवासी आशू त्यागी बाइक पर सवार होकर बुधवार की शाम अपनी पत्नी निशा त्यागी संग बिजनौर शादी समारोह में शामिल होने गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बृहस्पतिवार की सुबह करीब सवा छह बजे बिजनौर से घर वापस लौटते समय गांव नवादा तुल्ला की पुलिया के निकट सामने से आ रहे एक ट्रक और बाइक की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। बाइक सवार दूर जा गिरा, और उसकी पत्नी ट्रक के चपेट में आ गई। इससे निशा त्यागी ( 24) की मौके पर ही मौत हो गई। महिला की दो वर्ष पूर्व शादी हुई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भिजवाया। ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। मृतका के पति आशू त्यागी ने स्थानीय थाने पहुंचकर फरार अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर, थाना प्रभारी निरीक्षक शिवकुमार गौड़ का कहना है कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है।
जुगाड़ से बाइक भिड़ी, दो घायल
नूरपुर। बुधवार की रात गांव अहीरपुरा निवासी अंकुर प्रीतम बाइक द्वारा नूरपुर से गांव वापस जा रहे थे। बिजनौर रोड पर ईदगाह के पास उनकी एक जुगाड़ से भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।