अब करीमपुर में धर्मांतरण को लेकर हंगामा
नहटौर (बिजनौर)। गांव हरगनपुर के बाद करीमपुर में सत्संग की आड़ में धर्मांतरण करने को लेकर हंगामा हो गया। आरोप है कि गरीब लोगों को बीमारी से छुटकारा दिलाने का झांसा देकर सत्संग में आने के लिए प्रेरित किया जा रहा था। हिंदू संगठनों के लोगों ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों से वार्ता की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सत्संग के तीन आयोजकों को हिरासत में ले लिया। दर्जनों महिलाओं ने थाने पहुंचकर पकड़े गए लोगों को छोड़ने की मांग की। पुलिस ने तीनों का शांतिभंग में चालान कर दिया है।
जिले में नहटौर, कोतवाली देहात, नगीना, अफजलगढ़, धामपुर, स्योहारा आदि क्षेत्र में कुछ लोग सत्संगों का आयोजन कर रहे हैं। लोगों को सत्संग से बीमारियों से छुटकारा दिलाने का झांसा दिया जा रहा है। सैनी समाज के गरीब लोगों को इसका शिकार बनाया जा रहा है। एक परिवार से दूसरे परिवार और रिश्तेदारी में इसको फैलाने का काम किया जा रहा है। चार से पांच वर्ष पूर्व कोटद्वार क्षेत्र से इसकी शुरूआत बताई जा रही है। उसके बाद धीरे-धीरे यह जिले में फैलता चला गया। ब्लाक आंकू की ग्राम पंचायतों में ठेकेदारी करने वाले एक युवक ने नहटौर क्षेत्र में इसका प्रचार प्रसार किया। एक दिन पूर्व गांव हरगनपुर में भी सत्संग की आड़ में धर्मांतरण करने की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। हिंदू संगठनों के लोगों को पुलिस ने समझाकर मामले का निपटारा कर दिया था।
गांव हरगनपुर में सत्संग करने वाले आयोजकों ने बुधवार की सुबह को गांव करीमपुर में भी ऐसा ही सत्संग शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस और हिंदू संगठनों के लोगों के पहुंचते ही सत्संग बीच में ही रोक दिया गया। सत्संग में आई महिलाओं ने धर्मांतरण के आरोप को झूठा बताते हुए सत्संग शुरू कराने की मांग की। पुलिस ने गांव करीमपुर के नत्थू सैनी और नगीना क्षेत्र के गांव धर्मशानंगली के संसार सिंह, नंदपुर के हरपाल सिंह को भ्रम फैलाने के आरोप में हिरासत में ले लिया। तीनों लोगों को छुड़ाने के लिए लोग थाने पहुंच गए। मामले की सूचना पर भाजपा महामंत्री मुकेंद्र त्यागी, ब्लाक प्रमुख मृणाल त्यागी, नगरध्यक्ष महावीर सैनी, तिलकराज सैनी, ऋषभ जैन, लवली त्यागी, आशु कौशिक, सावन वाल्मीकि, अंकित त्यागी आदि थाने पहुंचे और लोगों से वार्ता की। उसके बाद हिंदू युवा वाहिनी के मंडल प्रभारी एनपी सिंह, अक्षय चौहान, पारस जैन आदि भी थाने पहुंचे। कोतवाल चंद्रकिरण का कहना है कि हिरासत में लिए गए तीनों लोगों का शांतिभंग में चालान कर दिया है।