बिजनौर। गांव झलरी के पूर्व प्रधान की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। कोतवाली शहर के गांव झलरी निवासी पूर्व प्रधान गजेंद्र सिंह (50) बुधवार की दोपहर घर से बिजनौर बैंक आने के लिए निकले थे। बिजनौर में राणा बैंक्वेट हाल के निकट फोन आने पर उन्हें बाइक रोकी और सड़क किनारे रुककर फोन सुनने लगे। तभी अचानक एक डस्टर गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी, इससे वह गंभीर घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें जिला अस्पताल भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने मेरठ रेफर कर दिया। मेरठ ले जाते वक्त रास्ते में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना के बाद चालक गाड़ी समेत फरार हो गया। हादसे में मृतक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
रजवाहे में शव मिला
छाछरीमोड। सब्दलपुर रहरा के पास सुल्तानपुर माइनर पर रजवाहे में व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार शव काफी पुराना है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है।