बारिश के पानी में डूबी जिले भर में सड़कें
बिजनौर।
बृहस्पतिवार को हुई बारिश ने जिले के किसानों के चेहरे खिला दिए। करीब आठ घंटे तक बारिश हुई। नगर भर के मोहल्लों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। बारिश में कई जगह पर सड़क धंस गई। रोडवेज के पास पानी भरने से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। जिले भर में 62 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई।
बृहस्पतिवार सुबह करीब चार बजे बारिश शुरू हो गई। इससे किसानों के चेहरे खिल गए। करीब दो बजे तक कभी हल्की तो कभी तेज बारिश होती रही। गली मोहल्ले तो क्या खेतों में भी बारिश का पानी भर गया। कई गांवों में किसानों ने धान की फसल बारिश के पानी में बो दी। चाहशीरी, मोहल्ला जाटान, भाटान, काजीपाड़ा, नई बस्ती, आवास विकास में सड़कें पानी में डूब गईं। बारिश ने नगर पालिका और पीडब्ल्यूडी की सड़कों की हालत की पोल भी खोल दी। सिविल लाइंस पर दो-तीन जगह सड़क बैठ गई। सीवर लाइन डाले जाने के चार से पांच साल बाद भी सड़कें जगह-जगह धंस रही हैं। करीब दो बजे तक रुक-रुक कर बारिश होती रही। इससे तापमान भी करीब पांच डिग्री सेल्सियस गिर गया। नगीना स्थित मौसम वेधशाला के प्रेक्षक आरके शर्मा के अनुसार अभी तक जिले में प्री मानसून बारिश हुई है। जिले में जल्दी ही मानसून आने का अनुमान है।
रेंजर आफिस और आवास में भरा पानी
इंदिरा पार्क के नाले का पानी रेंजर कार्यालय और उनके आवास में भर गया। कार्यालय में पानी भरने से आफिस का कार्य प्रभावित हुआ।
गंदे पानी से निकल रहे राहगीर
रोडवेज चौराहे जैसे प्रमुख स्थान के पास नगर पालिका का नाला बना न होने से वहां पानी भरा रहा। इससे राहगीरों और यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ा। यात्रियों को गंदे पानी के बीच से ही रोडवेज परिसर के अंदर जाना पड़ा। स्थानीय दुकानदार काफी समय से यहां पर नाला बनवाने की मांग कर रहे हैं।