मतगणना प्रशिक्षण में नहीं पहुंचे 400 कर्मचारी
बिजनौर। मतगणना ड्यूटी में लगे कर्मचारियों का प्रशिक्षण 28 अप्रैल आज से वर्धमान कालेज बिजनौर में शुरू हो गया है। प्रशिक्षण दो दिन चलेगा। 1320 कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाना है। पहले दिन ही करीब 400 कर्मचारी अनुपस्थित रहे।
जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी हरेंद्र सिंह ने बताया कि पहले दिन प्रशिक्षण तीन शिफ्ट में हुआ है। प्रशिक्षण सुबह 9.30 शुरू हुआ। पहले दिन 660 नंबर तक की पार्टी बुलाई गई थी। करीब 400 कर्मचारी अनुपस्थित रहे। 29 अप्रैल के प्रशिक्षण में पहली शिफ्ट में 441 से 880 तक नंबर वाली पार्टी, दूसरी शिफ्ट में 881 से 1100 तक नंबर वाली पार्टी तथा तीसरी शिफ्ट में 1101 से 1320 तक नंबर वाली पार्टी को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
सीडीओ केपी सिंह ने बताया कि जो मतगणना कर्मचारी पहले दिन अनुपस्थित रहे हैं। उन्हें 30 अप्रैल को सुबह 11 बजे वर्धमान कालेज में प्रशिक्षण लेने का अंतिम मौका दिया गया है। अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ इसके बाद दंडात्मक कार्रवाई होगी।
जिला पंचायत सदस्य के एक प्रत्याशी के तीन से चार एजेंट होंगे डीएसटीओ ने बताया कि एक जिला पंचायत सदस्य के वार्ड में आने वाले गांव की मतगणना अलग अलग कमरो में होगी। इसलिए प्रत्याशी तीन से चार एजेंट रख सकेगा। जिले में जिला पंचायत के 56 वार्ड में 857 प्रत्याशी हैं। इस प्रकार कुल एजेंट की संख्या 3428 तक होगी।
जिला पंचायत सदस्य पद के परिणाम की घोषणा जिला मुख्यालय पर होगी
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम पंचायत सदस्य व जिला पंचायत सदस्य पद पर हुआ है। सभी पदों की मतगणना ब्लाक स्तर पर 11 केंद्र पर है। डीएसटीओ डॉ हरेंद्र सिंह ने बताया कि वोटों की गिनती दो शिफ्ट में है। पहली शिफ्ट सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक है। दूसरी शिफ्ट रात आठ बजे से मतगणना समाप्ति तक है। बताया कि प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य व ग्राम पंचायत सदस्य का परिणाम ब्लाक मतगणना केंद्र पर ही घोषित होगा। जबकि जिला पंचायत सदस्य का परिणाम जिला मुख्यालय पर घोषित होगा। बताया कि ब्लाकों से प्रत्याशी को मिले मतों का पूरा डेटा जिले पर आएगा।