नामांकन उत्सव मेले में 4,245 बच्चों का हुआ स्कूल में नामांकन
बिजनौर। जनपद के सभी परिषदीय विद्यालयों में शनिवार को नामांकन उत्सव मेले का आयोजन किया गया। सभी स्कूलों को गुब्बारों व फूलों से सजाया गया। अभियान के तहत चार हजार 245 छात्र-छात्राओं के नए नामांकन किए गए। बीएसए ने सभी अभिभावकों से अपने बच्चों को शिक्षा देने के लिए उनका स्कूल में नामांकन कराने का आह्वान किया।
शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सुबह से ही नामांकन के लिए स्कूलों को सजाया था। बीएसए जयकरन यादव ने कई स्कूलों में पहुंचकर नामांकन उत्सव मेले में सहभागिता की। मेले में आए अभिभावकों व बच्चों के साथ स्वागत किया। शिक्षकों ने गांव में मुनादी कराई। डीएम उमेश मिश्रा व एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह ने भी नामांकन उत्सव मेले का निरीक्षण किया। बीएसए जयकरन यादव ने बताया कि नामांकन उत्सव मेले में जनपद के सभी परिषदीय विद्यालयों में चार हजार 245 नए नामांकन हुए। कहा कि नामांकन के लक्ष्य को 31 अप्रैल तक पूरा कर लिया जाएगा। स्कूल चलो अभियान के तहत रोजाना नई नई गतिविधियां के माध्यम से अभिभावकों को अपने बच्चें का स्कूल में प्रवेश को प्रेरित किया जाएगा। उधर, बेगावाला क्षेत्र के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय खानजहांपुर बहादार, प्राथमिक विद्यालय बाकरपुर गढ़ी, धारुवाला, मुहम्मदपुर मंडावली, मकसूदनपुर हफीज, चंदपुरा बंगाली कॉलोनी, रावली, काजीवाला, चांदपुर फेरू, तरीकमपुर रूपचंद, तैमूरपुर दीपा ,धर्मनगरी और घासीवाला आदि में उत्सव मेले का आयोजन हुआ।
मेले में 15 बच्चों का हुआ नामांकन
रेहड़। प्राथमिक विधालय फतेहपुर धारा में नामांकन मेले का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि जिला समन्वयक विवेक बंसल ने बताया की मेले का प्रमुख उद्देश्य सभी बच्चों का नामांकन कराना है। शिक्षा के साथ पुस्तकें, ड्रेस, मध्याह्न भोज आदि सभी शासन की ओर से निशुल्क दिया जा रहा है। सीडीपीओ बाल विकास रीता देवी ने भी आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन वर्ष पूरे कर चुके चार बच्चों का प्राथमिक विद्यालय फतेहपुर धारा में नामांकन कराया। मेले में 15 बच्चों का नामांकन कराया गया।
कोई बच्चा न रहे शिक्षा से वंचित
अफजलगढ़। बीडीओ रवि प्रकाश सिंह मेले में पहुंचे ओर निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामवासियों से अपने बच्चों का नामांकन विद्यालयों में कराने का आह्वान किया। कहा कि कोई बच्चा शिक्षा के अधिकार से वंचित नहीं रहना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन राकेश कुमार व इमरान अहमद ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर शिक्षिका अनुपम, प्राची अग्रवाल, पूनम रानी, रेनू जैनुबआलम, सुरेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।