कुख्यात मुनीर पर दर्ज हैं 33 मुकदमे
बिजनौर। तंजील हत्याकांड में फांसी की सजा पाने वाले कुख्यात गैंगस्टर मुनीर के खिलाफ 33 मुकदमेे दर्ज है। 15 मुकदमे सिर्फ अलीगढ़ में ही दर्ज हैं जबकि आठ केस बिजनौर में दर्ज हुए हैं। बाकी दिल्ली और अन्य जगहों पर भी मुकदमे पंजीकृत हैं।
पुलिस के रिकार्ड की मानें तो मुनीर के खिलाफ पहला मुकदमा साल 2013 में अलीगढ़ के सिविल लाइन थाना में दर्ज हुआ था। इसके बाद दिल्ली के जामिया नगर में लूट का मुकदमा भी साल 2013 में ही लिखा गया। इसी साल अलीगढ़ में दो और मुकदमे हुए। साल 2014 में दस मुकदमे मुनीर के खिलाफ अलीगढ़ और दिल्ली में दर्ज हुए। दिल्ली के जाफराबाद में साल 2014 में ही लूट और हत्या का केस हुआ। दिल्ली के रुपनगर थाने में भी इसी साल एक और हत्या का केस मुनीर के खिलाफ लिखा गया। दिल्ली के बाद अलीगढ़ में भी साल 2014 में हत्या का केस दर्ज हुआ। लखनऊ में भी एक हत्या समेत दो केस मुनीर के खिलाफ दर्ज हैं।
मनीर के प्रमुख अपराध...
- धामपुर में कैशवैन के गार्ड को गोली मारकर 91 लाख की लूट
- दिल्ली के रुपनगर में कैशवैन गार्ड की हत्या कर डेढ़ करोड़ की लूट
- दिल्ली के जाफराबाद में सिपाही धर्मपाल की हत्या कर पिस्टल लूट
- अलीगढ़ के सिविल लाइन में 31 लाख की लूट
- अलीगढ़ में रेलवे मजिस्ट्रेट की सुरक्षा में तैनात सिपाही सुरेश की हत्या कर पिस्टल लूट
- लखनऊ के गोमतीनगर में जज की सुरक्षा में तैनात सिपाही प्रमोद की हत्या कर पिस्टल लूट
- लखनऊ के विभूति खंड में हत्या कर मोटरसाइकिल लूट
- बिजनौर में एनआईए के डीएसपी की पत्नी सहित हत्या