323 और संक्रमित, समाज कल्याण अधिकारी की मौत
बिजनौर। यूं तो रोज कोरोना कहर बरपा रहा है, शनिवार को जिला समाज कल्याण अधिकारी बद्रीविशाल की कोरोना के चलते मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले उनकी तबीयत खराब हुई थी। जांच में उनके कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। नगर के ही एक चिकित्सालय में उनका उपचार चल रहा था। वहीं, शनिवार को जिले में कुल 323 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई।
सीएमओ ने बताया कि जनपद बिजनौर में कार्यरत जिला समाज कल्याण अधिकारी बद्रीविशाल की कोरोना संक्रमित होने के कारण मौत हो गई। कोरोना संक्रमित होने के साथ ही उनके लीवर में समस्या चल रही थी। वे पंडित चंद्रकांत आत्रेय मेमोरियल हॉस्पिटल में भर्ती थे। शनिवार को उनका लीवर फेल होने के कारण मौत हो गई। जिले में अब तक संक्रमित हुए मरीजों का आंकड़ा 11 हजार 864 पर पहुंच गया है। ठीक होने वाले लोगों की स्थिति पर नजर डालें तो 9916 मरीज अब तक कोरोना से जंग जीत चुके हैं, जबकि 81 मरीजों की अब तक मौत हो चुकी है। सीएमओ डॉ. विजय कुमार यादव के अनुसार अभी 3513 जांच रिपोर्ट लंबित हैं। वर्तमान में सक्रिय उपचाराधीन केस की संख्या 1867 पर पहुंच गई है।