किरतपुर। ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से वैन चालक की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही वैन चालक के शव को अपने साथ ले गए। उधर, चालक ट्राली छोड़कर ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया।
मोहल्ला मीठा शहीद निवासी तौफीक (30) साप्ताहिक बाजारों में परचून का सामान बेचने का काम करता था। शुक्रवार को वह मौजमपुर रोड स्थित ग्राम भोजपुर से साप्ताहिक पैठ बाजार करके मारुति वैन से वापस आ रहा था। टेंपो स्टैंड के पास वैन और ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर हो गई। इससे तौफीक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार तौफीक अपनी पत्नी साबरा, दो छोटे बच्चों और अन्य परिजनों को रोता बिलखता छोड़ गया। परिजन बिना कुछ कार्रवाई किए ही शव ले गए।