अधिगृहीत जमीन का बाजार रेट पर मांगा मुआवजा
शेरकोट। मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर शुक्रवार को शेरकोट के किसानों ने राष्ट्रीय राज मार्ग प्राधिकरण के खिलाफ धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। चेताया है कि जब तक विभाग की ओर से उन्हें बाजार रेट के हिसाब से जमीन के दाम नहीं मिलेंगे, आंदोलन जारी रहेगा।
गौरतलब है कि हाईवे विकास प्राधिकरण देहरादून की ओर से देहरादून से काशीपुर तक फोरलेन का निर्माण किया जा रहा है। शेेरकोट के लोगों की काफी जमीन को फोरलेन के लिए अधिग्रहीत तो कर लिया, लेकिन किसानों को अभी तक उनकी जमीन का मुआवजा नहीं दिया है। किसान शुक्रवार को एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ धरने पर बैठ गए। उनका आरोप है कि हाईवे प्राधिकरण अधिकारियों के द्वारा उन्हें मात्र 1080 रुपये प्रति गज देने की बात की जा रही है। जबकि उक्त भूमि का रेट लगभग 21 हजार रुपये प्रति गज है। अधिकारियों ने शुक्रवार को बिना मुआवजा दिए ही उनकी भूमि पर कब्जा करने का प्रयास शुरू कर दिया। उनके स्थायी निर्माण भी ध्वस्त किए जाने लगे। जिससे आक्रोशित लोगों ने हरेवली चौराहे पर हाईवे अधिकारियों के विरुद्ध धरना देकर प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा नेता कामेश्वर राजपूत, जितेंद्र गहलोत, योगेंद्र सिंह, कफ़ील अहमद, काजी शमीम, मोहम्मद कासिम, कावेंद्र सिंह, आवेश आलम, काजी शमीम, गुड्डू, के पी सिंह, सतेंद्र गहलोत, रतिभान सिंह, इकरार अहमद आदि मौजूद रहे। वहीं, एसडीएम कुंवर वीरेंद्र कुमार मौर्य का कहना है कि किसानों की समस्या का समाधान कराया जाएगा।