बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त
नगीना। पिछले 24 घंटों से हो रही बारिश क्षेत्र में 67 एमएम रिकार्ड की गई। बारिश के कारण जहां जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया, वहीं दूसरी ओर क्षेत्र में बहने वाली खो नदी का जल स्तर भी शनिवार को दोपहर के बाद बढ़ने लगा। तेज हवा के साथ हो रही बारिश के कारण किसानों के खेतों में खड़ी गन्ने की फसल को काफी नुकसान हुआ है। विद्युत व्यवस्था भी ग्रामीण क्षेत्रों में बुरी तरह प्रभावित है। बारिश से विद्युत लाइनों में फाल्ट हुआ है, इससे बारिश रुकने के बाद तुरंत ठीक कराया जाएगा।
एसडीओ विद्युत अंकित कुमार ने बताया कि फाल्ट होने की सूचना उन्हें तत्काल दें। एसडीएम गजेेंद्र सिंह ने गांव चमरावाला पहुंचकर खो नदी के बहाव का निरीक्षण किया। उनके अनुसार खो नदी का जल स्तर बढ़ना शुरू हो गया है। समस्त लेखपालों को क्षेत्रों में चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। नगर के कई स्थानों व खेल के मैदानों में जलभराव की स्थिति हो गई है।