सिलिंडर से गैस लीकेज होने से महिला झुलसी
अफजलगढ़। गांव रामनगर में एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में आग से बुरी तरह से झुलस गई। महिला को बचाने की कोशिश कर रहे युवक के भी हाथ-पैर झुलस गए। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को गंभीर हालत में बाहर रेफर कर दिया गया। महिला की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
शुक्रवार देर शाम गांव रामनगर निवासी सुनीता पत्नी विजयपाल सिंह (34) वर्ष अपने घर पर थी। शुक्रवार रात में वह गैस पर कुछ पकाने के लिए रसोई में चली गई। जैसे ही महिला ने माचिस से गैस जलाने का प्रयास किया, उसे आग के गुब्बार ने पकड़ लिया। बताया गया कि सिलिंडर से गैस लीकेज हो रही थी। वह आग की चपेट में आकर बुरी तरह से झुलस गई। महिला के चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर पहुंचा उदेश पुत्र बालमुकुंद भी महिला को बचाने के चक्कर में बुरी तरह से झुलस गया। महिला को आनन-फानन में सीएचसी में भर्ती कराया गया, जबकि युवक को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत में महिला को सीएचसी से बाहर रेफर कर दिया गया। महिला की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। चिकित्सक राजीव चौहान ने बताया की महिला की स्थिति गंभीर है। वह 70 प्रतिशत झुलस चुकी है।