हावड़ा एक्सप्रेस में नजीबाबाद के लिए मिलेंगी आरक्षित सीटें
नजीबाबाद।
डीआरएम मुरादाबाद ने रेलवे स्टेशन पर गंदगी और यात्री सुविधाओं के प्रति लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने हावड़ा कोच में नजीबाबाद कोटे से आरक्षित सीटें दिलाने, मसूरी कोच यार्ड में खड़े, करके यात्री सुविधा के लिए प्लेटफार्म पर खड़े करने की सुविधा दिलाने का आश्वासन दिया।
बुंदकी से इंजन ट्रॉली के माध्यम से रेल ट्रैक का डीआरएम एके सिंघल ने बृहस्पतिवार को निरीक्षण किया। उन्होंने रेल ट्रैक ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों से भी बातचीत की। सीनियर डीएसई, वन परितोष गौतम, एडीईएन करनप्रीत सिंह, एसएस अजित सिंह, आरपीएफ प्रभारी अखिलेश यादव की उपस्थिति में डीआरएम ने स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रतीक्षालय में पंखे लगवाने, यात्री सुविधा, रेल संरक्षा, सफाई के प्रति गंभीर रहने के निर्देश दिए।
मीडिया की ओर से उठाए गए प्रश्न के जबाव में डीआरएम ने हरिद्वार से दून एक्सप्रेस में लगकर आने वाले हावड़ा कोच में नजीबाबाद से आरक्षण का स्पेशल कोटा दिलवाने, देर रात दिल्ली जाने वाली मसूरी एक्सप्रेस कोच वॉशिंग लाइन में खड़े न कर यात्री सुविधा के लिए प्लेटफार्म पर खड़ा करने की शीघ्र व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया। गढ़वाल एक्सप्रेस का किरतपुर में स्टॉपेज दिए जाने की मांग के संबंध में कहा कि किरतपुर में स्टॉपेज दे पाना संभव नहीं है। डीआरएम ने यात्री सुविधा के लिए बुकिंग विंडो पर लगाई गईं एटीवीएम मशीनों का संचालन शीघ्र शुरू किए जाने की जानकारी दी। एनआरएमयू नेता विक्रांत के नेतृत्व में टीसी डीआरएम से मिले।
फेस्टिवल सीजन पर ट्रेनों में लगेंगे अतिरिक्त कोच।
डीआरएम एके सिंघल ने 21 सितंबर 2017 से 30 अक्तूबर 2017 तक त्योहारों के अवसर पर विभिन्न यात्री गाड़ियों में रेलवे की ओर से अतिरिक्त कोच की सुविधा दिए जाने की जानकारी दी। उन्होंने एसएस नजीबाबाद को समय से जनहित में सूचनाएं प्रकाशित कराने के भी निर्देश दिए।