अंतर जनपदीय तबादले नहीं होने से शिक्षक हैं परेशान
बिजनौर । परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों के अंतर जनपदीय तबादले नहीं होने से शिक्षक परेशान हैं। उप्र प्राथमिक शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री के नाम सचिव बेसिक शिक्षा परिषद को मांग पत्र देकर शिक्षकों के अंतर जनपदीय तबादले कराने की मांग की है।
शिक्षा सत्र 2017-18 शुरू हुए साढ़े पांच महीने बीत गए हैं, लेकिन अभी तक शिक्षकों के अंतर जनपदीय तबादलों की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। प्रदेश सरकार ने शिक्षकों के अंतर जनपदीय तबादले शुरू करने के लिए एक अगस्त से ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन शिक्षकों को दिया था। पर अभी तक जिला स्तर पर भी शिक्षकों के तबादले नहीं किए गए। शासन के आदेश में ऐसे शिक्षकों के अंतर जनपदीय तबादले करने को कहा गया था जिनकी सेवा दूसरे जनपदों में पांच वर्ष पूरी हो चुकी है। अब उप्र प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष दिनेश चंद्र शर्मा, महामंत्री जबर सिंह यादव व कोषाध्यक्ष संजय सिंह ने सचिव बेसिक शिक्षा परिषद को प्रदेश के सीएम के नाम मांग पत्र सौंप कर शिक्षकों को अन्तर जनपदीय तबादले करने की मांग की है। पत्र में पांच वर्ष की सेवा के स्थान पर एक वर्ष की सेवा पूरी करने वाले शिक्षकों केा अंतर जनपदीय तबादलों का लाभ देने की मांग की है। संघ के जिला महामंत्री प्रशांत सिंह ने बताया कि जिले में करीब 500 शिक्षक जनपद मेरठ, बुलंदशहर, आगरा, सहारनपुर, गाजियाबाद , बागपत में तबादला चाहते हैं।