छाछरी मोड़ । बदमाशों ने घर में घुसकर महिला की गर्दन पर चाकू रखकर आभूषण उतरवाने के साथ साथ घर में रखा करीब 25 तोला सोने के जेवर लूट लिए। दो बदमाशों के साथ घर में घुसी एक युवती थी। जानकारी मिलते ही एसपी अभिषेक झा, एएसपी देहात प्रकाश कुमार, सीओ चांदपुर देश दीपक पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और मुआयना किया। हीमपुरदीपा थाना क्षेत्र के गांव मंडोरा जट योगेंद्र सिंह का बड़ा बेटा सुमित आर्मी में है, जिसकी तैनाती जम्मू कश्मीर में है जबकि छोटा बेटा अमित घर पर ही रहकर खेतीबाड़ी करता है। अमित राशन डीलर भी है। शनिवार की सुबह योगेंद्र सिंह खेत पर चले गए। अमित अपनी बहन शालू का पेपर दिलवाने के लिए मुरादाबाद चल गया। घर पर अमित की पत्नी शिवानी अकेली थी।
शिवानी ने बताया कि शनिवार करीब नौ बजे दो लोग और एक युवती घर में घुस आए, उसे लगा कि भिखारी हैं। बदमाशों ने कमरे में घुसते ही पीछे से उसके बाल पकड़ लिए। साथ आई युवती ने लात मारी और मारपीट की। बदमाशों ने उसके गले से मंगलसूत्र, पाजेब निकलवा ली। गर्दन पर चाकू रखकर घर में रखे बाकी आभूषण के बारे में पूछा। मारपीट की वजह से शिवानी बेसुध हो गई।
बदमाशों ने घर की पहली मंजिल पर बने कमरों की अलमारी के लॉकर को तोड़कर करीब 25 तोला सोने के आभूषण लूट लिए। ये जेवर शिवानी और सुमित की पत्नी के थे। बदमाश वारदात को अंजाम देकर भाग निकले, महिला ने होश आने पर शोर मचाया तो गांव वालों की भीड़ जमा हो गई।
वहीं सीओ देशदीपक ने कहना है कि पीड़िता ने बाद में बताया कि केवल उसकी जेठानी के करीब 12 तोला आभूषण ही चोरी हुए हैं। उसने अपने आभूषण चार दिन पहले दूसरी जगह रख दिए थे, जिन्हें बदमाश नहीं ले जा सके।