कृषि विधेयकों के विरोध में 25 को चक्का जाम
हल्दौर। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन की बैठक में सरकार द्वारा पारित बिल को किसान विरोधी बताते हुए पुरजोर विरोध किया गया। बैठक में 25 सितंबर को पूरे जनपद में विभिन्न स्थानों पर चक्का जाम करने का निर्णय लिया गया।
सोमवार को ब्लॉक कार्यालय परिसर में राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन की बैठक में जिलाध्यक्ष विनोद कुमार उर्फ बिट्टू चौधरी ने कहा कि संगठन केंद्र सरकार द्वारा पास किए जा रहे किसान विरोधी तीनों विधेयकों का विरोध करता है। 25 सितंबर को जनपद भर में कई स्थानों पर रोड जाम करने का निर्णय लिया गया। साथ ही उन्होंने मरीजों की एंबुलेंस व अंतिम यात्रा वाहनों को न रोकने की कार्यकर्ताओं से अपील की। बैठक की अध्यक्षता भीम सिंह ने व संचालन ठाकुर नरेंद्र सिंह ने किया। बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष राकेश चौधरी, राजपाल भगत, गोविंद सिंह, अचल शर्मा, महाशय घनश्याम सिंह, ब्रजपाल सिंह, अदित चौधरी, राजीव कुमार, सुखवीर सिंह, हर गुलाल, ब्रजपाल सिंह, मनीष चौहान आदि रहे। बैठक में चक्का जाम करने के लिए स्थान तय किए।
यहां होगा चक्का जाम
हल्दौर। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन की बैठक में पदाधिकारियों ने रणनीति तैयार कर आगामी 25 सितंबर को चक्का जाम करने वाले स्थानों को चयनित किया। ये हैं बैराज रोड बिजनौर, चंदक दौलतपुर चौराहा, बालकिशनपुर चौराहा हल्दौर, पुलिस चौकी चौराहा नहटौर, चौधरी चरण सिंह तिराहा चांदपुर व सुआवाला चौराहा अफजलगढ़ ।