कंपनी का अफसर बन ठग लिए 22 हजार
बिजनौर। यदि आप किसी कंपनी के प्रोडक्ट से असंतुष्ट हैं और ट्विटर पर ट्वीट करके सबक सिखाने की सोच रहे हैं तो जरा सावधान रहिए। कंपनी का तो पता नहीं, लेकिन ठग जरूर आपकी शिकायत दूर करने के बहाने आपके खाते को खाली कर सकती हैं। ऐसा ही एक मामला बिजनौर के मोहल्ला ब्रह्मनान में सामने आया है। यहां पर ठगों ने युवक के ट्वीट से उसका नंबर लिया, फिर मोबाइल कंपनी का अधिकारी बन युवक को विश्वास में लेकर लिंक भेजकर उसके खाते से 22 हजार रुपये उड़ा दिए। पीड़ित ने कोतवाली शहर में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
सोमवार को बिजनौर के मोहल्ला ब्रह्मनान निवासी आश्रय गुप्ता ने अपने ट्विटर हैंडल से एक मोबाइल कंपनी के सिम से संबंधित शिकायत की थी। ट्वीट करने के कुछ ही देर बाद उसके पास एक कॉल आई। आश्रय ने बताया कि उधर फोन पर जो व्यक्ति था, वह खुद को संबंधित कंपनी का अधिकारी बता रहा था। उसने उसकी शिकायत दूर करने का पूरा भरोसा दिलाया और उससे मोबाइल नंबर से संबंधित जानकारी मांगी। इसके बाद एक लिंक भेजकर उसमें अपना नाम और मोबाइल नंबर, यूपीआई आईडी भरने को कहा। आश्रय ने यह डिटेल लिंक में भर दी।
जैसे ही लिंक को डन किया, उसके खाते से 4999 रुपये कट गए। तीन बार यह रकम कटी। इसके बाद उसने जैसे ही अपने बैंक में इसकी शिकायत की थी तो उस मोबाइल नंबर से लिंक दूसरे बैंक अकाउंट से भी रकम कट गई। उसने तुरंत बचे हुए पैसे अपने किसी अन्य अकाउंट में ट्रांसफर किए, लेकिन तब तक ठग उसके दोनों बैंक अकाउंट से 22 हजार रुपये उड़ा चुके थे। आश्रय ने इस संबंध में कोतवाली शहर में तहरीर देकर कार्रवाई करने और उसकी रकम वापस दिलाने की मांग की। शहर कोतवाल राधेश्याम ने कहा कि पीड़ित ने अपनी शिकायत दी है। हम यह मामला साइबर सेल को भेज रहे हैं। यह मामला साइबर सेल से जुड़ा है, उसी स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।