मालगाड़ी की छत पर सेल्फी ले रहा युवक करंट से झुलसा
धामपुर (बिजनौर)। धामपुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी की छत पर चढ़कर सेल्फी ले रहा दिल्ली निवासी युवक हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आकर बुरी तरह से झुलस गया। युवक को उसके साथियों ने पुलिस और आरपीएफ को सूचना दिए बगैर सरकारी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया। डाक्टरों ने चिंताजनक हालत में प्राथमिक उपचार के बाद युवक को बिजनौर रेफर कर दिया है।
दिल्ली इंदिरा नगर कॉलोनी निवासी नाजिम और उसके साथी शाहबाज ने बताया कि वह अपने दोस्त फैजान के साथ धामपुर का कालागढ़ बांध घूमने के मकसद से आए थे। वह जब धामपुर से दिल्ली जाने के लिए रेलवे स्टेशन पर पहुंचे तो मुरादाबाद जाने वाली गाड़ी लेट थी। इस दौरान फैजान स्टेशन पर दूसरे ट्रैक पर खड़ी मालगाड़ी की छत पर चढ़ गया और सेल्फी लेने लगा। मालगाड़ी के ऊपर से 40 हजार वोल्टेज की विद्युत लाइन गुजर रही थी। जैसे ही वह छत पर खड़ा होकर सेल्फी ले रहा था तभी बिजली के करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और मालगाड़ी की छत से जमीन पर आ गिरा। बेहोशी की हालत में उन दोनों ने फैजान को वहां से उठाकर लाइन पार सीएचसी में भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने उसकी हालत को चिंताजनक मानते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया है। जीआरपी और आरपीएफ के चौकी प्रभारी ने बताया कि ऐसा कोई मामला उनके संज्ञान में नहीं है। वे जांचकर कार्रवाई करने का प्रयास करेंगे।