नजीबाबाद। तहसीलदार के निर्देशन में राजस्व विभाग ने खनन माफिया के खिलाफ छापामारी अभियान चलाया। नदी में रेत-बजरी के खनन के लिए आई एक ट्रैक्टर-ट्रॉली कब्जे में लेकर सीज कर दी गई। उधर, प्रशासन ने रेत-बजरी खनन बहुल क्षेत्र से जुड़े 21 व्यक्तियों को मुचलका पाबंद किया है।
एसडीएम उद्भव त्रिपाठी और तहसीलदार देवेंद्र पांडेय के नेतृत्व में राजस्व टीम ने रेत-बजरी और मिट्टी खनन करने वालों के खिलाफ अभियान छेड़ा है। सोमवार देर रात तहसीलदार देवेंद्र पांडेय, नायब तहसीलदार सीके त्रिपाठी ने पुरनपुर, मोटाढाक, मलूकवाली, अकबरपुर चौगांवा सहित कई खनन क्षेत्रों में दबिश दी। तहसीलदार ने पुरनपुर में मालन नदी में खनन को लाई गई एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को चालक सहित पकड़ लिया। तहसीलदार देवेंद्र पांडेय ने बताया कि खनन करने वालों की गोपनीय सूचनाएं एकत्र की जा रही हैं। अकबरपुर चौगांवा और मुअज्जमपुर तुलसी में खनन से जुड़े लोगों को चिंहित कर अकबरपुर चौगांवा से 13 और मुअज्जमपुर तुलसी गढ़ी से 8 व्यक्तियों को मुचलका पाबंद किया है।