उपद्रवियों से वसूले जाएंगे 21 लाख, नोटिस जारी
बिजनौर। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध की आड़ में उपद्रव करने वाले 59 आरोपियों से नुकसान की क्षतिपूर्ति के लिए 21,19,840 रुपये वसूल किए जाएंगे। प्रशासन ने इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी है। अपर जिलाधिकारी ( वित्त एवं राजस्व) ने आरोपियों को नोटिस भेज दिए हैं। यह पैसा जिला कोषागार में जमा कराना होगा, अन्यथा आरोपियों से भूराजस्व के बकाए की तरह वसूली की जाएगी।
20 दिसंबर को नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में जिलेभर में उपद्रव हुआ था। बिजनौर में उपद्रवियों ने पथराव कर दुकानों में तोड़फोड़ की थी। तमाम लोगों पर हमले किए गए थे। इसके अलावा नहटौर, नजीबाबाद, नगीना समेत कई शहरों में बवाल हुआ था। नहटौर में गोली लगने से सुलेमान और अनस की मौत हो गई थी। पुलिस की तीन गाड़ियों में आग लगा दी गई थी। जिलेभर में पांच हजार से ज्यादा लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी। 146 लोगों को पुलिस ने दबोचा था। अब प्रशासन ने बवाल के दौरान क्षतिपूर्ति की तैयारी शुरू कर दी है।
- बिजनौर के बवाल में इनसे होगी वसूली
पूर्व चेयरमैन जावेद आफताब, उनके भाई परवेज आफताब, आदिल उर्फ चुहिया, इरशाद अथर, मास्टर शहादत हुसैन, मिर्जा जिशान बेग, अधिवक्ता वाजिद, सभासद अकील, शकील से दो लाख 20 हजार रुपये क्षतिपूर्ति की वसूली की जाएगी। यह पैसा आरोपी तुरंत जिला कोषागार में जमा करा दें। वर्ना उनसे भूराजस्व के बकाए की भांति वसूली की जाएगी।
- नहटौर के इन लोगों को भेजे नोटिस
मास्टर अकील, डाक्टर खुर्शीद, रफीक, शहबाज, भूरा, सलीम, मोहम्मद आकिब, शकील, सादिक से 8,68,898 रुपये जमा करने को कहा गया है। महराज, अनस, शिब्बू उर्फ समीर, मोहम्मद अख्तर, अफजाल उस्मानी, मुन्ने हसन, शाहनवाज, आदिल, परवेज पासी पर सार्वजनिक संपत्ति, सरकारी गाड़ी, हेलमेट, बैरियर तोड़ने पर 25 हजार रुपये जमा करने के निर्देश दिए हैं। राजू चौधरी, शाहरूख, कफील, अनस, नासिर कुरैशी, कमर अहमद, मोहम्मद यूनूस, जावेद, शमशुद्दीन के अलावा विवेचना के दौरान प्रकाश में आए साजिशकर्ता नबील मैंबर, गुड्डा मैंबर, वसीम, शुएब, जैद से 9,81,152 रुपये, फारूख, यूसुफ खान, जाफर, गुलजार, हारून, वकील कुरैशी, शाद गुड्डू, मोनू, शादाब अंसारी, युसूफ अलवी, परवेज, डाक्टर फारूख, लईक अहमद, आरिफ, आमिर, अफजाल कुरैशी, हाफिज इदाब, नासिर कुरैशी को 24,790 रुपये जमा करने को कहा गया है।
- चार आरोपियों पर घोषित हुआ था इनाम
बिजनौर के सिविल लाइन, जजी चौक और शास्त्री चौक पर उपद्रव कर तोड़फोड़ की गई थी। मामले में पूर्व चेयरमैन जावेद आफताब, डाक्टर फुरकान महरबान, आदिल चुहिया पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
कोट -
उपद्रव में हुए नुकसान की भरपाई के लिए वसूली की जाएगी। आरोपियों के खिलाफ नोटिस जारी कर दिए गए हैं। तीन दिन के भीतर जवाब नहीं मिलता है, तो अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। - अवधेश मिश्र, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)