अमरोहा। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की जीरखी के अंगूरी देवी इंटर कालेज में आयोजित मासिक बैठक में कुरीतियों को दूर कर स्वच्छ समाज के निर्माण की जरूरत पर जोर दिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारतमाता, पृथ्वीराज चौहान और महाराणा प्रताप के चित्रों पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर की गई।
महासभा के जिलाध्यक्ष मास्टर धर्मपाल सिंह ने संगठन की एकता पर जोर देते हुए समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करके एक स्वच्छ समाज का निर्माण करने की जरूरत पर जोर दिया। बैठक की अध्यक्षता कर रहे रविकिरन सिंह गहलोत ने समाज की तरक्की के लिए बच्चों की शिक्षा पर पूरा ध्यान देने की जरूरत बताई। जिला महामंत्री तिलकराज चौहान ने छोटे-छोटे स्वार्थों को त्यागकर समाज व देश की उन्नित के लिए काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज के बच्चों में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति उनका उत्साहवर्धन करने के लिए मेधावियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया जाएगा। जल्द ही इसकी घोषण कर दी जाएगी। वक्ताओं ने सरकारी सेवाओं और राजनीति में समाज के हर वर्ग को उचित प्रतिनिधित्व देने का समर्थन किया। बैठक में राजपाल सिंह, किशोरी सिंह, डूंगर सिंह, महेंद्र सिंह, आशीष चौहान, अमर सिंह, सूरज सिंह, जगवीर सिंह, सुरेश सिंह आदि मौजूद रहे। संचालन हरेंद्र सिंह ने किया।