बिजनौर । उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की बैठक में बोर्ड परीक्षा कॉपी के मूल्यांकन का समय परिवर्तन करने का विरोध किया गया। इसे धार्मिक आस्था पर ठेस बताते हुए मूल्यांकन के लिए पुराना समय लागू कराने की मांग की।
आरजेपी इंटर कॉलेज में हुई बैठक में जिला मंत्री विनोद कुमार ने कहा कि पूरे भारत में नवरात्रों का त्यौहार 18 मार्च से मनाया जा रहा है। अधिकांश हिंदू शिक्षक नवरात्रों में व्रत रखते हैं। पहले बोर्ड परीक्षा में उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन समय दस से पांच बजे तक था। अब समय सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक कर दिया गया है। यह समय उचित नहीं है। संगठन ने इस पर कड़ी आपत्ति दर्ज की है। जिलाध्यक्ष विनेश त्यागी ने कहा कि यह निर्णय हिंदू शिक्षक-शिक्षिकाओं की आस्था को ठेस पहुंचाने वाला है। यदि इस तरह का शिक्षकों का उत्पीड़न बंद नहीं किया गया तो संगठन बड़ा आंदोलन करेगा। जिला उपाध्यक्ष गयूर आसिफ ने शिक्षकों पर अनावश्यक दबाव न डालने की अपील की। बैठक में टीकेश चौधरी, सरदार गुरशरण सिंह, परवेेंद्र सिंह, मयूर मलिक, उदयराज सिंह, मोहित शर्मा, सुधांशु वत्स, बृजवीर सिंह, मनोज यादव आदि मौजूद रहे।