जलालाबाद। मार्ग दुर्घटना में एक युवक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला चिकित्सालय भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक अपने परिचित मां-बेटी को बाइक से लेकर गांव लौट रहा था।
नगीना देहात थाना क्षेत्र के गांव टांडा निवासी 23 वर्षीय सरफराज अपने परिचित परिवार की वृद्घा सुदेशना और उसकी पुत्री शीतल को बिजनौर से बाइक से लेकर वापस गांव जा रहा था। बृहस्पतिवार शाम करीब छह बजे गांव प्रतापपुर के निकट रोडवेज बस की टक्कर लगने से बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक चला रहा युवक सरफराज, उसकी परिचित महिला सुदेशना को काफी चोटें आईं, जबकि युवती शीतल भी मामूली रूप से घायल हुई।
सरफराज को सिर में गंभीर चोटें आने के चलते घटनास्थल पर पहुंचे लोगों की सूचना पर जलालाबाद चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को जिला चिकित्सालय भेजा। जहां चिकित्सकों ने सरफराज को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सीओ बृजराज सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।