महिलाओं ने शराब के खिलाफ निकाली रैली
अमर उजाला ब्यूरो
स्योहारा (बिजनौर)।
मुकरपुरी गांव में अवैध रूप से बिक रही शराब के विरोध में महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया है। महिलाओं ने तख्तियां लेकर गांव में शराब के विरुद्ध रैली निकाली।
रैली के दौरान महिलाओं का एक ही नारा था गांव में शराब नहीं बिकने देंगे। गनेश मंदिर से निकाली गई रैली का नेतृत्व क मिथलेश देवी ने किया। उन्होंने कहा कि गांव के इंटर कॉलेज की दुकान में कच्ची शराब धड़ल्ले से बेची जा रही है। कई बार शिकायत करने के बाद भी शराब की बिक्री बंद नहीं हो रही है। धड़ल्ले से हो रही शराब की बिक्री से बच्चे भी शराबी होते जा रहे हैं। पुरुष शराब पीने के लिए घर की महिलाओं को पीटते हैं। पैसे नहीं होने पर घर का सामान औने पौने दामों में बेच देते हैं। महिलाओं का कहना है कि गांव में एक देशी शराब का ठेका भी बिना लाइसेंस के चल रहा है। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि शराब का अवैध कारोबार बंद नहीं हुआ तो महिलाएं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष आंदोलन करेगी। रैली में पूनम देवी, सरोज देवी, नीतू पंवार, मोनिका देवी, गीता देवी, अंशु, सुनीता देवी, ममता देवी, सविता देवी आदि शामिल रहीं।