ओडीएफ घोषित होगी बिजनौर पालिका, केंद्रीय टीम ने किया सर्वे
बिजनौर । बिजनौर नगर पालिका को शासन द्वारा जल्दी ही ओडीएफ घोषित किया जाएगा। केंद्र सरकार की ओर से नामित संस्था ने प्रशासन द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर जांच कर ली है। जांच में सब कुछ मानक के अनुरूप पाया गया है। जल्दी ही शासन से नगर पालिका को ओडीएफ घोषित करने का लेटर मिल जाएगा।
बिजनौर नगर पालिका जिले की सबसे पुरानी नगर पालिकाओं में से एक है। नगर पालिका को ओडीएफ करने की मुहिम पिछले साल शुरू की गई थी। नागरिकों को खुले में शौच न करने के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया था। केंद्र व राज्य सरकार द्वारा नागरिकों को शौचालय बनाने के लिए आर्थिक मद्द भी की गई थी। इसके अलावा सामुदायिक व पब्लिक शौचालय बनाए गए थे । इन सबके सार्थक परिणाम सामने आए हैं और रेलवे लाइन के आसपास के इलाकों में खुले में शौच न जाने के लिए नागरिक जागरूक हुए। बिजनौर को ओडीएफ करने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने शासन को पिछले साल प्रस्ताव भेजा था। इस प्रस्ताव पर केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित टीम ने सर्वे भी कर लिया है। हालांकि नगर पालिका को ओडीएफ करने के बाद नगर पालिका व नागरिकों का दायित्व खत्म नहीं हो जाएगा। केंद्र की टीम हर छह महीने बाद नगर पालिका का सर्वे करेगी। हर छह महीने बाद नागरिकों व पालिका प्रशासन को सर्वे में खरा उतरना होगा।
ओडीएफ में ये हुआ काम
बिजनौर नगर पालिका में 936 घरों में शौचालय बनाने के लिए अनुदान दिया गया। कई मोहल्लों में 85 सीट के सामुदायिक शौचालय बनवाए गए। 38 सीट के पब्लिक टॉयलेट बनवाए गए।
नगर पालिका ईओ इंद्रपाल सिंह के अनुसार नगर पालिका को ओडीएफ करने के लिए टीम ने सर्वे कर लिया है। जल्दी ही नगर पालिका को ओडीएफ प्रमाण पत्र मिल जाएगा।