पहली बार वोट डालकर बने जिम्मेदार नागरिक
- युवाओं ने लोकतंत्र के हवन में डाली पहली आहुति
फोटो 7, 8, 29, 33, 37
अमर उजाला ब्यूरो
बिजनौर।
निकाय चुनाव में पहली बार वोट डालने को लेकर युवाओं में खासा उत्साह नजर आया। युवा अपने परिजनों और दोस्तों के साथ वोट डालने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंचे। वोट डालने के बाद उन्हें देश का जिम्मेदार नागरिक होने का अहसास हुआ। इस दौरान युवाओं में सेल्फी लेने की होड़ लगी रही।
शहर के जीजीआईसी में बने मतदान केंद्र पर वोट डालने आई सृष्टि चौधरी ने बताया कि वे छात्रा हैं, पहली बार उन्होंने वोट डाला है। अचारजान की तान्या बंसल ने कहा वि वह पहली बार बोट डालकर बहुत ही खुश हैं। देवयानी और चांदपुर की कनिष्का ने भी पहली बार वोट डाला, दोनों का कहना है कि वोट डालने के बाद उन्हें अपनी जिम्मेदारी का अहसास हुआ। अब से पहले स्कूल में होने वाली भाषण और निबंध प्रतियोगिताओं में शत प्रतिशत मतदान करने के बारे में लिखती थीं, आज पहली बार खुद का वोट डालने का मौका मिला था।
स्योहारा निवासी सीमा, शिवानी, सतलेश वोट डालने के लिए एक साथ केंद्र पर आईं। उन्होंने बताया कि बाजार से शॉपिंग करनी हो या कोई एग्जाम देना होगा, तीनों साथ ही रहती हैं। वोट भी एक साथ डालने के बारे में उन्होंने पहले ही तय कर लिया था। कहा कि वोट डालना हर मतदाता का धर्म है। सभी को वोट डालकर अपने धर्म का पालन करना चाहिए।