बिजनौर। निकाय चुनाव में प्रत्याशियों ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके बाद ही वे वोटरों को घर से निकालने के लिए रवाना हुए। बसपा प्रत्याशी सलमा अहमद ने अपने पति फरीद अहमद के साथ मोहल्ला भाटान में मतदान केंद्र पर वोट डाला। रालोद प्रत्याशी मोनिका शर्मा अपने पति योगेश शर्मा के साथ वर्धमान कॉलेज में बने बूथ पर वोट डालने पहुंची। कांग्रेस प्रत्याशी मीनू गोयल ने अपने पति प्रशांत गोयल व बाकी परिजनों के साथ गन्ना समिति में बने बूथ पर वोट डाला। सपा प्रत्याशी रूखसाना परवीन व उनके पति शमशाद अंसारी ने मोहल्ला मिर्दगान में बने बूथ पर वोट डाला। भाजपा विधायक सुचि चौधरी ने डीएवी इंटर कॉलेज में बने बूथ पर वोट डाला। उन्होंने भाजपाईयों से चुनाव की स्थिति का जायजा भी लिया।
दिग्गज नेताओं के उड़े रहे होश
मतदान के दौरान दिग्गज नेताओं के होश उड़े रहे। बिजनौर में पूर्व चेयरमैन फरीद अहमद चुनाव की एक एक पल नजर रखे रहे। वोटरों का झुकाव किधर हो रहा है, इसकी जानकारी अपने समर्थकों से लेते रहे। यही हाल नगर पंचायत झालू में पूर्व चेयरमैन राशिद हुसैन का रहा। वह भी यह पता लगाते रहे कि किस इलाके के मुस्लिम वोट कहां जा रहे हैं। मंडावर में पूर्व चेयरमैन आसिफ अली शान की पत्नी चुनाव मैदान में थीं। आसिफ अली भी वोटरों के रूझान का पता लगाते रहे। मतदान के दौरान इन सभी दिग्गज नेताओं के तोते उड़े रहे।
पुलिस की मुस्तैदी से नहीं हुई गड़बड़ी
मतदान के दौरान जिले भर में पुलिस मुस्तैद रही। पुलिस की मुस्तैदी की वजह से शांतिपूर्वक चुनाव हो पाया। पुलिस ने कहीं भी समूह बनाकर लोगों को खड़ा नहीं होने दिया। बिजनौर में पैरामिलिट्री फोर्स ने पुलिस के साथ फ्लैग मार्च भी निकाला। मतदान में पहली बार ऐसा हुआ कि जरा सी सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच रही थी। पुलिस उन लोगों को समझाने की बजाए सख्ती से काम ले रही थी। यही वजह रही कि कोई भी मतदान केंद्रों के पास बेवजह नहीं फटक रहा था। पुलिस को देखते ही समूहों में खड़े लोग भाग जाते थे।