विकास के लिए आधुनिक तरीके से खेती पर जोर
धामपुर (बिजनौर)।
कृषि विभाग की ओर से बृहस्पतिवार को गन्ना सहकारी समिति के मैदान में कृषि सूचना तंत्र के सुंदरीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम के तहत कृषि मेले का आयोजन हुआ।
मेले का उद्घाटन जिला भाजपा उपाध्यक्ष प्रमोद राठी ने किया। इस मौके पर प्रमोद राठी ने किसानों से आधुनिक कृषि यंत्रों और उन्नतिशील प्रजातियों के बीजों से खेती करने को प्रेरित किया। सरकार की ओर से खेती के विकास के लिए विभिन्न योजनाओं को चलाया गया है।
किसानों को खेती के प्रति जागरूक करने के मेले में कई विभागों की ओर से दूकानों को सजाया गया था। दुकानों पर संबंधित विभाग के अधिकारियों ने किसानों को विस्तार से जानकारी दी। उप कृषि निदेशक जसपाल सिंह ने शासन की योजनाओं की जानकारी दी। कृषि पंजीकरण, कृषि यंत्रीकरण, मृदा स्वास्थ्य कार्ड के बारे में बताया। कृषि वैज्ञानिक नगीना डॉ. नरेंद्र सिंह ने गन्ने की फसल में लगने वाले कीटों, रोगों की जानकारी एवं उपचार के बारे में बताया।
डॉ. शकुंतला ने अचार-मुरब्बे के बारे में बताया। कृषि अधिकारी डॉ. एवी सिंह ने धान की उन्नत प्रजातियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसान धान की रोपाई करने में देरी न करें। बीडीओ राकेश कुमार ने स्वच्छता के बारे में जानकारी दी। जिला कृषि रक्षा अधिकारी अमरपाल सिंह ने कृषि रक्षा दवाइयों की जानकारी दी। मेले में कृृषक गजराज सिंह, चंद्रवीर सिंह, रमेश सिंह, लवकुश, जबर सिंह, सत्यपाल, तेजपाल, रामकुमार, धमेंद्र सिंह, अमरपाल सिंह, मीनू देवी, राजबाला, लेखराज सिंह मौजूद रहे। संचालन प्रभारी उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी सतीश कुमार ने किया।