पुलिस लाइन में पासिंग आउट परेड के दौरान शपथ लेते रिक्रूट।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में पुलिस लाइन में बृहस्पतिवार को 185 रिक्रूट ने पॉसिंग आउट परेड के बाद कर्तव्यों का पालन करने की शपथ ली। वे रिक्रूट से आरक्षी बन गए। पासिंग आउट परेड के बाद रिक्रूट खुशी से फूले नहीं समा रहे थे। कार्यक्रम में उनके परिजन भी मौजूद रहे।
जिले में कांस्टेबल पद के लिए 186 रिक्रूट ट्रेनिंग ले रहे थे, इनमें से 185 ने पासिंग आउट परेड में हिस्सा लिया। रिक्रूट ने मार्च पास्ट प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि एडीआरएम अश्वनी उपाध्याय को सलामी दी। एडीआरएम दिनेश उपाध्याय ने कहा कि पुलिस समाज में न्याय स्थापित करने का काम होती है। अदालत में न्यायिक प्रक्रिया भी पुलिस प्रक्रिया खत्म होने के बाद पूरी होती है। कहा कि समाज को हमेशा से ही पुलिस पर विश्वास रहा है। युवाओं को इस विश्वास को कायम रखना होगा। आज पुलिस के सामने साइबर क्राइम रोकना सबसे बड़ी चुनौती है। टेक्नोलाजी में दक्ष युवा इसे रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। एसपी संजीव त्यागी ने कहा कि ईमानदार कर्मचारियों व अधिकारियों को हर जगह सम्मान मिलता है। युवा पुलिसकर्मी पुलिस की छवि अच्छी बनाएं। अब पुलिस डराने वाली नहीं, बल्कि मित्रता का व्यवहार करने वाली होनी चाहिए। पुलिस सभी से मित्रता का व्यवहार कर विवाद निपटाएं। किसी भी मामले में पीड़ित का ही उत्पीड़न न करें। कहा कि अब तक उन पर केवल अपनी या परिवार की जिम्मेदारी थी। अब उन पर समाज व शांति व्यवस्था की जिम्मेदारी भी आ गई है। इस जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाना है। पासिंग आउट परेड के बाद रिक्रूट ने अपने परिजनों को पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इस दौरान एसपी सिटी लक्ष्मीनिवास मिश्रा, एसपी देहात विश्वजीत श्रीवास्तव, सीओ सिटी महेश कुमार आदि मौजूद रहे।
जिले को मिलेंगे 464 रिक्रूट
आरआई रामशरण सिंह ने बताया कि जिले में बरेली के रहने वाले रिक्रूट की ट्रेनिंग कराई गई थी। वे बरेली चले गए हैं। जिले में बाहर से 464 रिक्रूट आएंगे। उनकी ट्रेनिंग मेरठ, देहरादून, हरिद्वार व रूद्रपुर में हुई है।