रामडोल का जुलूस जल्द निकलेगा : एनपी सिंह
धामपुर।
हिंदू युवा वाहिनी के मंडल प्रभारी डॉ. एनपी सिंह ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की सहभागिता न होने से मंगलवार को शिवाला कलां गांव में रामडोल का जुुलूस नहीं निकल सका। उन्होंने ग्रामीणों का हौसलाअफजाई करते हुए कहा कि चिंता न करें जल्द ही धूमधाम के साथ रामडोल का जुलूस निकलवाने का प्रयास होगा। विहिप के पूर्व जिलाध्यक्ष ने सीएम को मेल कर जिले से डीएम और एसपी को हटाने की मांग की।
डा. एनपी सिंह ने वार्ता में बताया कि मंगलवार को शिवाला कलां में रामडोल का जुलूस निकलवाने में सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधियों को सहयोग करना चाहिए था, पर ऐसा नहीं किया गया। नतीजतन गांव में रामडोल का जुलूस नहीं निकल सका। उन्होंने बताया कि इस जुुलूस को शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न कराने के लिए कमेटी का गठन हुआ। कमेटी में शामिल पदाधिकारी जल्द ही इसका निर्णय करेंगे। वाहिनी की ओर से भी रामडोल को निकलवाने का पूरा प्रयास होगा। वह प्रत्येक स्थिति में ग्रामीणों के साथ है। तंज कसते हुए डा. एनपी सिंह ने कहा कि सपा के राज में कभी ऐसा नहीं हुआ। सपा राज में यदि कोई इस प्रकार का व्यवधान डालने का प्रयास करता तो विपक्षियों पर कार्रवाई होती और गैर समुदाय की अपेक्षा के अनुरूप निकल कर रहता। वह इस मामले को सीएम को अवगत कराकर समस्या का समाधान कराने का प्रयास करेंगे। उधर, विहिप के पूर्व जिलाध्यक्ष सुधीर कुमार चौहान एडवोकेट ने कहा कि सीएम को मेल कर शिवाला कलां रामडोल जुलूस के मामले में प्रशासनिक अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराते हुए डीएम, एसपी को जिले से हटाने की मांग की।