भागूवाला/नजीबाबाद। कोटावाली नदी के कटान से प्राथमिक स्कूल कोटावाली को खतरा उत्पन्न हो गया है। स्कूल की बाउंड्रीवॉल तक नदी कटान कर चुकी है। नदी में यदि एक-दो उफान और आते हैं तो प्राथमिक स्कूल का अस्तित्व खतरे में पड़ सकता है।
भागूवाला क्षेत्र से गुजरने वाली कोटावाली नदी में कई बार उफान आ चुका है। प्राथमिक स्कूल कोटावाली की ओर लगातार नदी कटान कर रही है। लगभग एक माह पूर्व स्कूल की बाउंड्री से 20 फीट के फासले पर नदी बह रही थी। एक माह के भीतर कई बार कोटावाली नदी के उफान से प्राथमिक स्कूल की बाउंड्रीवॉल तक नदी कटान कर चुकी है। पहाड़ों की वर्षा से जुड़ी कोटावाली नदी में यदि जल्द एक-दो उफान आते हैं तो प्राथमिक स्कूल की बाउंड्रीवॉल धराशाही होने के साथ स्कूल में प्रवेश कर जाएगी। प्राथमिक स्कूल कोटावाली में 62 बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं। मुख्य अध्यापक अमित कुमार का कहना है कि इस संबंध में बीईओ के माध्यम से शिक्षा अधिकारियों को अवगत कराया हुआ है। उन्हें बच्चों के सुरक्षित अध्ययन के प्रति जागरूक रहने के दिशा निर्देश मिले हैं।
बाढ़ नियंत्रण विभाग के संज्ञान में कटान
नजीबाबाद। बीईओ ईशक लाल ने बताया कि बाढ़ नियंत्रण विभाग को पत्राचार के माध्यम से स्कूल की सुरक्षा के लिए प्रबंध को लिखा जा चुका है। कोटावाली नदी के स्कूल बाउंड्री के नजदीक आने के संबंध में भी बाढ़ नियंत्रण विभाग को सूचना भेजी गई है।
क्षेत्र से ग्रामीण कर चुके पलायन
भागूवाला। कोट सराय के ग्रामीणों ने अपनी कोटावाली क्षेत्र में कृषि भूमि पर एक दशक पूर्व मकान बनाए थे। ग्राम पंचायत की भूमि पर भी आवासीय पट्टे किए गए थे। करीब 20 परिवार कोटावाली गांव में रहने लगे थे। लेकिन नदी के नहर के कहर से मकानों को नुकसान पहुंचने के चलते अधिकांश लोग अपने आशियाने नदी क्षेत्र से हटा चुके हैं।