जीओपी कंपनी की टीम से मांगा मुआवजा
हल्दौर। बोरिंग कर तेल और गैसों की जांच करने पहुंची ओएनजीसी कंपनी की जांच टीम के कर्मचारियों से किसानों की नोकझोंक हुई। किसानों ने अपनी फसल की क्षति का मुआवजा मांगा। कंपनी के पीआरओ ने किसानों को फोन पर उनकी मांगे पूरी कराने का आश्वासन देकर शांत किया।
ओएनजीसी के निर्देशन में मुंबई की जीओपी कंपनी धरती में ड्रिल मशीन से बोरिंग कर तेल व गैसों की जांच करने में जुटी है। कंपनी की टीम ने क्षेत्र के सेलपुरा बमनौला, खासपुरा, उमरी बड़ी आदि गांव में डेरा डाल रखा है। टीम के कर्मचारी बुधवार की शाम मशीन लेकर रामपाल सिंह, विशाल कुमार, लखपत सिंह, भीम सिंह, देवेंद्र सिंह, कालू सिंह, जयसिंह, अवधेश कुमार, नरेंद्र सिंह, सोमपाल सिंह के खेतों में बोरिंग करने पहुंचे । किसानों का कहना है कि खेत में बोरिंग से उनके खेतों में खड़ी फसल को क्षति पहुंची है। कुछ किसान टीम से फसल का मुआवजा दिलाने की मांग करते हुए भिड़ गए।
इस दौरान किसानों और टीम के सदस्यों में तीखी नोकझोंक हुई। कर्मचारियों ने आक्रोशित किसानों की काफी समझाने का प्रयास किया। इस दौरान जांच कार्य भी प्रभावित हुआ। बाद में कुछ किसानों ने जीओपी कंपनी के पीआरओ हुकुम सिंह राठौर से फोन पर वार्ता की। पीआरओ ने किसानों को बताया कि उनकी फसल क्षति होने पर कंपनी से प्रस्तावित उचित मुआवजा दिया जाएगा। इसके बाद किसान शांत हुए।