गन्ना सर्वे से चीनी मिलों ने हाथ खींचा
अमर उजाला ब्यूरो
स्योहारा। गन्ना सर्वे में चीनी मिलों द्वारा हाथ खींच लेने से इस बार गन्ना विभाग को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस बार गन्ना सर्वे जीपीएस सिस्टम से न होकर मापक फीते से मैनुअल किया जा रहा है।
चीनी मिलों ने गन्ना सर्वेक्षण में इस बार सहयोग न करने के कारण चीनी मिलों ने अपने कर्मचारियों को गन्ना सर्वेक्षण में लगाने से हाथ खींच लिया। चीनी मिलों के पास जीपीएस मशीन तथा उन्हें चलाने के लिए प्रशिक्षित कर्मचारी थे। जबकि गन्ना विभाग के पास जीपीएस मशीन तथा उसे चलाने वाले प्रशिक्षित कर्मचारी नहीं है। इस लिए गन्ना सर्वे गन्ना पर्यवेक्षक तथा गन्ना समिति के सामयिक कर्मचारियों द्वारा कराया जा रहा है। 31 मई से आरंभ सर्वे का यह कार्य मैनुअल तरीके से मापक फीते से किया जा रहा है। गन्ना सर्वे के समय ही नए सदस्य, वारिसान, उपज बढ़ोतरी भी दर्ज कराई जा सकती है। एससीडीआई मिथलेश कुमार पांडेय ने बताया कि सर्वे का कार्य 30 जून तक पूरा किया जाएगा। उन्होंने किसानों से आग्रह किया है कि किसान सर्वे के समय अपने सामने अपने खेत का सर्वे कराकर अपनी सभी आपने घोषणा पत्र, पहचान तथा किसान वही की स्वप्रमाणित छाया प्रति उपलब्ध करा दें। इनके अभाव में सट्टा निर्धारण त्रुटि से किसानों को परेशानी होगी।