राजेश के परिवार को सरकार से मिले दो कंबल
शेरकोट (बिजनौर)। मोहल्ला नौंधना में ठंड से मरे राजेश के परिवार को सरकारी मशीनरी मौत के चार दिन बाद दो कंबल की मदद देने पहुंची। अब तक राजस्व विभाग मौत को सामान्य ही मान रहा था।
बुधवार को तहसीलदार भान सिंह ने राजस्व टीम के साथ चार दिन बाद गांव पहुंचकर मृतक के परिजनों को सांत्वना दी। साथ ही कानूनगो की रिपोर्ट पर स्वाभाविक मौत बताने वाले तहसीलदार ने पीड़ित परिवार को दो कंबल देकर मदद की। मुहल्लेवासियों का आरोप है कि विधायक व चेयरमैन ने तो पीड़ित के घर आने की सुध ले ली। लेकिन सरकार की मशीनरी को पीड़ित को मदद देने की चार दिन बाद सुध आई। आरोप है कि इससे पहले तो तहसीलदार मृतक की ठंड से मौत मान ही नहीं रहे थे। पूरा राजस्व प्रशासन इससे आकस्मिक मौत बता रहा था। लेकिन विधायक के आने के बाद तहसीलदार ने गांव में पहुंचकर पीड़ित परिवार को मदद देकर पल्ला झाड़ने की कोशिश की। उधर भाजपा विधायक अशोक कुमार राणा ने मृतक के परिवार को शासन से हरसंभव मदद दिलाने की बात कही है।