नजीबाबाद। रोडवेज कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई में दोहरा मापदंड अपनाने का यूपी रोडवेज इंप्लाइज यूनियन ने विरोध किया।
यूपी रोडवेज इंप्लाइज यूनियन के शाखा अध्यक्ष जसपाल ग्रेवाल ने निगम के उच्च अधिकारियों को शिकायती पत्र भेजा है। पत्र में बताया गया है कि तीन नवंबर को देहरादून से नजीबाबाद की ओर आ रही नजीबाबाद डिपो की रोडवेज बस यूपी 77एएन 2948 में सवार पांच यात्रियों में चार बेटिकट पकड़े गए थे। मुख्यालय के यातायात अधीक्षक प्रेम सिंह ने स्वयं चार यात्री बेटिकट पकड़े थे। चेकिंग के दौरान यात्रियों से जुर्माने के साथ किराया वसूल किया गया था, लेकिन रोडवेज बस चालक और परिचालक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।
शाखा अध्यक्ष जसपाल ग्रेवाल ने रोडवेज कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई में दोहरा मापदंड अपनाए जाने की बात कहते हुए बताया कि 29 सितंबर को मेरठ के टीएस द्वारा निरीक्षण में रोडवेज बस यूपी 20टी 4249 में 32 यात्री बेटिकट पकड़े थे। मामले में चालक विद्यानिधी शर्मा के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई, जबकि परिचालक सुनील की संविदा समाप्त कर दी गई। उधर, 30 अक्तूबर को रोडवेज बस यूपी 20एएन 9013 की चेकिंग में टीएस मुरादाबाद नेपाल सिंह ने सात यात्री बेटिकट पकड़े थे। मामले में चालक देवेंद्र सिंह व परिचालक हेमराज की संविदा समाप्त कर दी गई। जसपाल ग्रेवाल ने एक ही विभाग में कार्रवाई के नाम पर दोहरे मापदंड को बंद करने की मांग की।