एसडीओ ने संभाली स्थिति, उपभोक्ताओं को समझा बुझाकर किया शांत
शहर के मोहल्ला कटकुई में चौपाल पर लगाया गया था बिजली शिविर
अमर उजाला ब्यूरो
अमरोहा।
बिजली बिलों में गड़बड़ी उपभोक्ता भड़क गए। कर्मचारियों से तीखी नोकझोंक हुई और जमकर हंगामा किया। एसडीओ ने स्थिति को संभाला। समझा बुझाकर लोगों को शांत किया। बिलों की गड़बड़ी को दूर करने पर ही उपभोक्ता शांत हुए।
शुक्रवार को बिजली विभाग द्वारा शहर के मोहल्ला कटकुई स्थित चौपाल पर शिविर का आयोजन किया गया। एसडीओ नरेश कुमार के अलावा क्षेत्रीय जेई व अन्य कर्मचारी कैंप में रहे। सुबह दस बजे से ही उपभोक्ता अपने बिलों को लेकर अधिकारियों के पास आने लगे। कोई रीडर द्वारा बढ़ाने की शिकायत करने लगा तो कोई बिल की गड़बड़ी शिकायत के बाद भी सही नहीं होना बताने लगा। इसे लेकर उपभोक्ताओं ने काफी हंगामा किया। कर्मियों से झड़पें हुई।
मामले की नजाकत को भांपते हुए एसडीओ ने उपभोक्ताओं की समस्या सुनी। उनको समझाकर शांति बनाए रखने को कहा। इसके बाद उन्होंने अधीनस्थ कर्मियों से हाथोंहाथ बिलों की खराबी ठीक कराई। इसके बाद ही उपभोक्ता बिल जमा कर अपने घरों को लौटे। एसडीओ के मुताबिक बिल जमा नहीं करने पर अवर अभियंताओं ने शहरी क्षेत्र में 220 उपभोक्ताओं के घरों की बत्ती कटवाई है। इन पर विभाग का करीब 20 लाख रुपये बकाया है।